सूखा से प्रभावितों के राहत के लिए मांगा 105 करोड़
सुखाड़ से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत के रूप में सहायता राशि देने की तैयारी चल रही है। जिला प्रशासन ने सरकार से 105 करोड़ रूपये सहायता राशि मांगा है। यह राशि 234752 लोगों के बीच मुफ्त राहत सहायता के रूप में वितरण की जाएगी।
कोडरमा : सुखाड़ से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत के रूप में सहायता राशि देने की तैयारी चल रही है। जिला प्रशासन ने सरकार से 105 करोड़ रूपये सहायता राशि मांगी है। यह राशि 234752 लोगों के बीच मुफ्त राहत सहायता के रूप में वितरण की जाएगी। यानी सरकार से सहायता मिली तो जिले में पहली बार लोगों को प्रतिदिन के लिहाज से नकद राशि दी जाएगी। इसमें 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के लिए 45 रूपया प्रतिदिन तथा 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए 60 रूपया प्रतिदिन के लिहाज से राशि दी जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित लोगों को 90 दिन तक सहायता राशि देने को लेकर प्रस्ताव भेजा गया। ऐसे में यदि सरकार से प्रस्ताव पर मुहर लगाया गया तो 18 वर्ष से कम आयु वर्ग वालों को 4050 तथा इससे अधिक उम्र वालों को 5400 रूपया मुफ्त सहायता मिलने की संभावना बनेगी। इसमें सुखाड़ से प्रभावित परिवारों, बच्चों व वृद्धों को अलग-अलग राशि की गणना की गई है। प्रशासन द्वारा भेजे गये प्रस्ताव में कहा गया है कि जिले में 37061 लघु कृषक, 29526 सीमांत किसान परिवार तथा 35000 कृषि मजदूर है, जो सीधे तौर पर प्रभावित है उन्हें मुफ्त सहायता राशि की आवश्यकता है। जबकि अलग-अलग पेंशन के लाभुकों को भी इसी श्रेणी में रखा गया है। कहा गया है कि जिले में विकलांग पेंशन के 4366, वृद्धापेंशन के 25991, विधवा पेंशन के 11 हजार सहित पेंशन के अन्य लाभुक भी सुखा से प्रभावित है, जिन्हें मुफ्त राहत की आवश्यकता है। वहीं आपूर्ति विभाग में अनाज योजना के लाभुकों को भी मुफ्त राहत राशि की अनुशंसा की गई है। अनाज योजना से करीब 5.98 लाख लोग जुड़े हुए है। साथ ही 18 से 60 वर्ष के बीच के व्यक्तियों को मनरेगा से भी जोड़ने की तैयारी चल रही है। लेकिन 18 से कम एवं 60 वर्ष से अधिक के व्यक्तियों के लिए राहत राशि को आवश्यक बताया गया है। सरकार के मापदंडों के अनुरूप चिह्नित किये गये प्रभावित 2.34 लाख लोगों को 30 दिन सहायता राशि देने में 35.29 करोड़ रूपये होगी। जबकि नियमों के तहत सरकार डिफॉल्ट पिरियड को 30 दिन से बढ़ाकर आवश्यकतानुसार 60 व 90 दिन तक कर सकता है। लिहाजा प्रशासन ने 90 दिन के लिए मुफ्त सहायता राशि देने की मांग किया है। ::::::::1.54 लाख है 18 वर्ष से कम आयु वाले प्रभावित::::::::
कोडरमा: जिला प्रशासन ने आंकड़ों के आधार पर प्रभावितों की संख्या तय कर विभाग से फंड की मांग की है। इसके तहत 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के प्रभावित व्यक्ति 154647 है। वहीं 60 वर्ष से ऊपर के प्रभावित व्यक्ति 60785, विधवा पेंशन के लाभुक 14954, विकलांग पेंशन योजना के लाभार्थी 4366 हैं, जिसे सीधे तौर पर सुखा से प्रभावित बताया गया है। ::::::::::किसानों को मिलेगा क्षतिपूर्ति मुआवजा::::::
कोडरमा: फसल की क्षतिपूर्ति के लिए किसानों को अलग से आपदा प्रबंधन विभाग से भी मुआवजा दी जाएगी। विभाग के प्रावधानों के तहत किसानों को किसी भी फसल के क्षतिपूर्ति के लिए प्रति हेक्टेयर 6800 रूपये दिए जाएंगे। जबकि फसल बीमा की राशि किसानों को अलग से मिलेगी। ऐसे में किसानों को काफी हद तक राहत की उम्मीद है।