चलती ऑटो से गिरकर युवक की मौत
थाना क्षेत्र के मरकच्चो बरियारडीह मुख्य मार्ग पर गैस गोदाम के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान मरकच्चो प्रखंड के मध्य पंचायत स्थिति तुरिया टोला निवासी दिलीप तुरी (30) के रूप में की गई।
मरकच्चो (कोडरमा): थाना क्षेत्र के मरकच्चो बरियारडीह मुख्य मार्ग पर गैस गोदाम के समीप हुई सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। युवक की पहचान मरकच्चो प्रखंड के मध्य पंचायत स्थिति तुरिया टोला निवासी दिलीप तुरी (30) के रूप में की गई। जानकारी के अनुसार दिलीप दो अन्य लोगों के साथ ऑटो से बरियारडीह की ओर जा रहा था। इसी क्रम में दिलीप ऑटो से नीचे गिर पड़ा और बुरी तरह घायल हो गया। साथ में जा रहे दोनों युवकों ने दिलीप को आनन-फानन में लेकर उसके घर पहुंचे तथा तुरंत ही उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। मृतक का घर पहुंचते ही परिजनों के क्रंदन से पूरा माहौल गमगीन हो गया। मालूम हो कि दिलीप दैनिक मजदूरी का काम करता था और अपने घर का इकलौता कमाऊ व्यक्ति था। वह अपने पीछे अपनी पत्नी संजू देवी (25), लड़की नंदनी कुमारी (7), लड़का करण कुमार (5) व अर्जुन कुमार (4) को छोड़ गया है।