Lok Sabha Polls 2019: मैं तो एकला चला था, आज पूरा कारवां साथ है : बाबूलाल
Lok Sabha Polls 2019. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कोडरमा की जनता के प्यार की बदौलत मैं यहां से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। यहां के लोगों का साथ हमें विकट परिस्थिति में मिला था।
कोडरमा, जागरण संवाददाता। वर्ष 2006 में मैं भाजपा से इस्तीफा देकर एकल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरा था। तब जनता से भारी बहुमत से मुझे जीत दिलाई थी। लेकिन इस बार तो कांग्रेस, राजद, झामुमो, झाविमो का पूरा कारवां हमारे साथ है। इसलिए हमें जीत के लिए नहीं, बल्कि जीत के पुराने सभी रिकॉर्ड को तोडऩे के लिए लडऩा है।
पूर्व मुख्यमंत्री सह कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से महागठबंधन के प्रत्याशी बाबूलाल मरांडी ने उक्त बातें कही। वे बुधवार को झुमरी तिलैया के सूर्या बैंक्वेट हॉल में आयोजित महागठबंधन की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उन्होंने गठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ताओं से चुनाव को लेकर उनके सुझाव प्राप्त किए।
उन्होंने कहा कि कोडरमा की जनता के प्यार की बदौलत मैं 2006 में ही यहां से निर्दलीय चुनाव लडऩे का जोखिम उठा चुका हूं। यहां के लोगों का साथ हमें विकट परिस्थिति में मिला था। आज पूरे देश के वातावरण को विषाक्त बना दिया गया है। जनता के मुद्दों से उनका ध्यान भटका कर संवेदनशील मुद्दों को चुनावी फायदा के लिए उछाला जा रहा है।
कार्यकर्ताओं को आम जनता के बीच जाकर इसे समझाने की जरूरत है। केंद्र की मोदी सरकार अपने कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार के मुद्दे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। इलाके में ढिबरा, क्रशर, पत्थर आदि रोजगार से जुड़े धंधों पर सरकार ने चोट कर लाखों को बेरोजगार कर दिया है।
वहीं बाद में पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा देवी का भाजपा में जाना उनके लिए कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने उनके निर्णय पर किसी तरह की टिप्पणी करने से परहेज करते हुए कहा कि भाजपा पूर्व में भी राजनीतिक दलों को अपने स्वार्थ के लिए इस तरह तोडऩे का खेल खेलती रही है। यह चुनाव पूरी तरह से जनता के मुद्दों पर होगा।
यहां व्यक्ति नहीं, विचारधारा की लड़ाई होगी। इससे पूर्व महागठबंधन की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता झाविमो जिलाध्यक्ष बेदू साव ने की, जबकि संचालन केंद्रीय महासचिव सह लोकसभा चुनाव के को-ऑर्डिनेटर खालीद खलील ने किया।
बैठक में मुख्य रूप से राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण यादव, जेएमएम के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलनयन सिंह, जेवीएम केंद्रीय सचिव सुरेश साव के अलावा राजद जिलाध्यक्ष गुलाम जिलानी, झामुमो जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज सहाय पिंकू, कांग्रेस के गांडेय प्रभारी निर्मल कुमार ओझा, राजद नेता सह संतोष यादव शामिल हुए।
बैठक में कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रखंड व पंचायत के कार्यकर्ता-नेता व जेवीएम, राजद, कांग्रेस, जेएमएम के विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी शामिल हुए।