Lok Sabha Polls 2019: कोडरमा पहुंची अन्नपूर्णा, हुआ भव्य स्वागत, बोलीं- मोदी का फिर पीएम बनना तय
Lok Sabha Polls 2019. कई सियासी उतार-चढ़ाव के बीच करीब 20 दिनों के बाद अन्नपूर्णा देवी का रविवार को कोडरमा आगमन हुआ तो नजारा बदला-बदला था।
झुमरी तिलैया, जेएनएन। कई सियासी उतार-चढ़ाव के बीच करीब 20 दिनों के बाद अन्नपूर्णा देवी का रविवार को कोडरमा आगमन हुआ तो नजारा बदला-बदला था। गत 19 मार्च को वो कोडरमा से रांची के लिए गईं थी तो राजद की प्रदेश अध्यक्ष थीं। वहां से लौटीं तो भाजपा का लोकसभा प्रत्याशी बनकर।
अन्नपूर्णा के कोडरमा पहुंचने पर भाजपा और राजद छोड़कर भाजपा में शामिल हुए समर्थकों व कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा थामकर उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। अन्नपूर्णा के स्वागत की तैयारी को लेकर भाजपा कार्यकर्ता व अन्नपूर्णा समर्थक पूरी तैयारी के साथ महतो आहर व चंदवारा के समीप जुटे हुए थे। इसके लिए एसडीओ स्तर से 40 चार पहिया व 200 मोटरसाइकिल की अनुमति ली गई थी।
इधर, उरवां से स्वागत कार्यक्रम शुरू हुआ, जो अन्नपूर्णा के आवास तक चलता रहा। जगह-जगह लोगों ने फूल-माला से उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं व समर्थकों के उत्साह को देखते हुए भाजपा उम्मीदवार उरवां से ही वाहन में खड़ी होकर अपने आवास तक पहुंचीं। इसके पूर्व सुभाष चौक पहुंचने पर अन्नपूर्णा ने सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
कार्यकर्ताओं की टोली नारेबाजी करती रही। अन्नपूर्णा का काफिला झुमरी तिलैया बाजार होते हुए चाराडीह पहुंचा। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए अन्नपूर्णा देवी ने पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित साह, मुख्यमंत्री रघुवर दास के प्रति आभार जताया।
कहा कि नरेंद्र मोदी का दोबारा पीएम बनना तय है। इतनी भीड़ सब कुछ बयां कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता पूरी तरह अनुशासित हैं और उन्हें सभी का समर्थन मिल रहा है। कोडरमा सीट उनके लिए कोई चुनौती नहीं है। इस दौरान अन्नपूर्णा ने कोडरमा ध्वजाधारी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
बड़े नेता रहे गायब, छोटे कार्यकर्ताओं में दिखाया उत्साह
अन्नपूर्णा देवी के कोडरमा आगमन पर भाजपा के बड़े चेहरे स्वागत से गायब रहे, लेकिन पार्टी के छोटे कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह रहा। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उरवां, महतो आहर व झुमरी तिलैया शहर में जगह-जगह स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं के साथ ढोल-नगाड़े भी थे।
वहीं बड़ी संख्या में राजद छोडऩे वाले कार्यकर्ता भी अन्नपूर्णा के स्वागत में पहुंचे थे। हालांकि भाजपा के एक-दो बड़े चेहरे भी जुलूस में शामिल हुए। जबकि भाजपा व राजद के कई बड़े नेताओं के गायब रहने की भी चर्चा होती रही।