Lok Sabha Polls 2019: विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मतदाताओं को किया जागरुक
Lok Sabha Polls 2019. स्वीप कार्यक्रम के तहत तोरपा प्रखंड के उच्च विद्यालय व रानिया प्रखंड के उच्च विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों में मतदाता जागरुकता अभियान चलाया गया।
खूंटी, जागरण संवाददाता। स्वीप कार्यक्रम के तहत जिला अंतर्गत तोरपा प्रखंड के मध्य सह उच्च विद्यालय व रानिया प्रखंड के उच्च विद्यालय सहित अन्य विद्यालयों में मतदाता जागरुकता अभियान चलाया गया। अभियान में स्कूल के विद्यार्थियों सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल थे। मतदाता जागरुकता के उद्देश्य से विद्यार्थियों ने हाथ में पोस्टर लेकर क्षेत्र के लोगों को लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
अभिभावकों को जागरुक करने के लिए बच्चों द्वारा पत्र लिखे जाएंगे। विद्यालयों में मतदाता जागरुकता अभियान का एक उद्देश्य यह भी है कि बच्चों के माध्यम से उनके माता-पिता व घर के अन्य सदस्य अपने मत का प्रयोग करने के लिए प्रेरित हो सकें। बच्चे चुनाव के प्रति अपने घर व आसपास एक सकारात्मक वातावरण तैयार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
पेंटिंग व स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन
विद्यालयों में मतदाता जागरुकता के विषयों पर पेंटिंग व स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने भाग लिया और प्रतियोगिता के दौरान मतदान को लोकतंत्र का प्रमुख हथियार बताया। हर व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग कर एक जिम्मेदार समाज का निर्माण करने में अपना योगदान सुनिश्चित करने की दिशा दिखाई।