दिव्यांग फौजी को मिले सरकारी सुविधा : विधायक
तोरपा देश की रक्षा के लिए 4
तोरपा : देश की रक्षा के लिए 48 साल पहले सीमा पर दुश्मनों से जंग लड़ते हुए तोरपा के एक फौजी सामुएल होरो दिव्यांग हो गए थे। यह व्यथा बताते हुए फौजी के बेटे रसिका होरो के आंसू नहीं थमते हैं। सामुएल होरो आज हिलचौक के मेलाटांड में एक टूटे फूटे घर में अपने एक बेटे, दो पोती व एक बहू के साथ गुजर-बसर कर रहे हैं।
आज उन्हे मात्र 12 हजार रुपये पेंशन मिलती है। इससे परिवार कैसे चलेगा। बेटा मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण कर रहा है। यह जानकारी होने पर तोरपा विधायक पौलुस सुरीन शुक्रवार को उस रिटायर्ड फौजी से मिलने उनके घर पहुंचे और उन्हें मिलने वाली सुविधा के बारे में अवगत हुए। मौके पर विधायक ने उपायुक्त सूरज कुमार व एसडीओ प्रणव पाल से दूरभाष पर बात कर फौजी को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में बात की। इस दौरान बीडीओ से भी विधायक ने कहा कि जहां तक हो सरकारी मानदंड के हिसाब से जो भी सुविधा मिलनी चाहिए, उसे तुंरत लागू करें। मौके पर उन्होंने फौजी तथा उनके परिवार के बीच फल वितरित किए। इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष उदय तोपनो, अमित बड़िग व मानसिद तोपनो सहित कई लोग उपस्थित थे।