शहर में चलेगा विशेष सफाई अभियान : अर्जुन
दुर्गापूजा को ले नगर पंचायत की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान दो पालियों में साफ-सफाई करायी जाएगी।
खूंटी : दुर्गापूजा को ले नगर पंचायत की ओर से विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान दो पालियों में साफ-सफाई करायी जाएगी। पूजा पंडालों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए एक सुपरवाइजर व दो सफाईकर्मी तैनात किए जाएंगे। पंडाल में सुपरवाइजर का मोबाइल नंबर भी दिया जाएगा। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर भी अंकित किए जाएंगे।
नगर पंचायत के आह्वान पर इस वर्ष सभी पूजा पंडालों को प्लास्टिक मुक्त बनाया जाएगा। प्रसाद भी पत्तल के दोने में वितरित किए जाएंगे। साफ-सफाई के मद्देनजर पंडालों में दो-दो डस्टबीन रखे जाएंगे। नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि दुर्गापूजा को लेकर शहर की सभी लाइट की मरम्मत करायी जा रही है। पूजा के दौरान साफ-सफाई दुरुस्त रखने के लिए नगर पंचायत कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसमें सिटी मैनेजर कुमार विवेक (8002561886) और बड़ा बाबू मेंगोला गुड़िया (9801131399) से संपर्क किया जा सकता है। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष अर्जुन पाहन ने बताया कि दुर्गापूजा को लेकर सभी स्थानों में लाइट व पानी की व्यवस्था रहेगी। बारिश के थमते ही विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए क्विक रेस्पांस टीम का गठन किया गया है। इसके अलावा ब्लीचिग पाउडर का छिड़काव किया जाएगा।