जिला निबंधन कार्यालय में हुई नई व्यवस्था की शुरुआत
ग्लॉसी पेपर पर पति-पत्नी का फोटोयुक्त मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी करने का रिकॉर्ड कायम करने के बाद खूंटी जिला निबंधन कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) द्वारा सकारात्मक व उल्लेखनीय कार्यों/व्यवस्था सुनिश्चित कराने के प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में जिला निबंधन कार्यालय में एक नई व्यवस्था की शुरुआत कर दी गई है।
खूंटी : ग्लॉसी पेपर पर पति-पत्नी का फोटोयुक्त मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी करने का रिकॉर्ड कायम करने के बाद खूंटी जिला निबंधन कार्यालय (रजिस्ट्री ऑफिस) द्वारा सकारात्मक व उल्लेखनीय कार्यों/व्यवस्था सुनिश्चित कराने के प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में जिला निबंधन कार्यालय में एक नई व्यवस्था की शुरुआत कर दी गई है। इस व्यवस्था से खूंटी जिला निबंधन कार्यालय में आने वाले दिव्यांग अथवा चलने-फिरने में असमर्थ व्यक्तियों को अब कार्यालय में चलने-फिरने में कोई कठिनाई नहीं होगी। उन्हें आवश्यक सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस उद्देश्य से जिला निबंधन कार्यालय में व्हील चेयर की व्यवस्था की गई है। साथ ही रैंप बनाने की कवायद भी चल रही है, ताकि कार्यालय में आवागमन के दौरान दिव्यांग और चलने-फिरने में असमर्थ व्यक्तियों को कोई कठिनाई न हो।
सोमवार को निबंधन कार्यालय में व्हील चेयर की शुरुआत जिला अवर निबंधक बाल्मीकि साहू ने की। उन्होंने अपने कार्यालय में पहुंचे अनिगड़ा के सिबूकेल गांव निवासी दिव्यांग (लकवा ग्रस्त) डाडू मुंडा को बिठाकर न केवल शुरुआत की, बल्कि व्हील चेयर के माध्यम से ही कार्यालय के कागजी कार्य पूर्ण करवाते हुए जमीन की रजिस्ट्री कराई। डाडू मुंडा व्हील चेयर की व्यवस्था पाकर अभिभूत थे। उनके चेहरे पर खुशी झलक रही थी। उन्होंने कहा कि कार्यालय में ऐसी व्यवस्था से उन्हें तो लाभ मिला ही है, साथ ही दूसरे जरूरतमंद व्यक्तियों को भी इसका लाभ मिलेगा। मौके पर अवर निबंधक ने बताया कि व्हील चेयर की व्यवस्था से संबंधित व्यक्तियों को इजलास, कंप्यूटर कक्ष इत्यादि स्थानों पर कागजी/दस्तावेजी कार्य के संपादन में सहूलियत होगी। जिला निबंधन पदाधिकारीने कहा कि व्हील चेयर की व्यवस्था से दिव्यांग, चलने-फिरने में असमर्थ व वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुविधा होगी। कार्यालय कैंपस में अगर किसी संबंधित व्यक्ति को इसकी जरूरत पड़ती है तो वह कार्यालय कर्मी से संपर्क स्थापित कर इसका उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह निश्शुल्क उपलब्ध रहेगी।