बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री बने मनोज
जिले के ऐतिहासिक बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री के पद पर मनोज कुमार का चयन सर्वसम्मति से किया गया। रविवार को समिति की कार्यकारिणी की बैठक में उनका चयन किया गया।
खूंटी : जिले के ऐतिहासिक बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति के महामंत्री के पद पर मनोज कुमार का चयन सर्वसम्मति से किया गया। रविवार को समिति की कार्यकारिणी की बैठक में उनका चयन किया गया। प्रबंध समिति के अध्यक्ष लाल ज्ञानेंद्रनाथ शाहदेव की अध्यक्षता में हुई बैठक में बाबा आम्रेश्वर धाम के महामंत्री का चुनाव झारखंड राज्य हिदू धार्मिक न्यास पर्षद के दिशा-निर्देश के अनुसार किया गया। बैठक के दौरान हुए चुनाव प्रक्रिया में अध्यक्ष के आदेश पर रमेश मांझी ने मनोज कुमार के नाम का प्रस्ताव दिया। जिसका मुनिनाथ मिश्रा, सुखदेव भगत, महेंद्र अग्रवाल, दानियल मुंडा, अर्जुन साहू सहित सभी सदस्यों ने समर्थन किया। इस पर सर्वसम्मति से मनोज कुमार को महामंत्री के रूप में चयनित करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। चुनाव के बाद सभी सदस्यों ने सभी मंदिरों में जा कर बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।
---
डेढ़ माह से खाली था पद
बाबा आम्रेश्वर धाम प्रबंध समिति में महामंत्री का पद पिछले डेढ़ माह से खाली था। समिति के महामंत्री रहे सुरेंद्र कुमार मिश्रा का लगभग डेढ़ माह पूर्व निधन हो गया था। तब से यह महत्वपूर्ण पद खाली था। वे लंबे समय तक समिति के महामंत्री रहे। बैठक में समिति के सदस्य रमेश मांझी, मुनिनाथ मिश्रा, अर्जुन साहू, सुखदेव भगत, उपेंद्र कश्यप, कैलाश भगत, प्रेमचंद महतो, महेंद्र अग्रवाल, जगदीश नाग, महेंद्र प्रसाद भगत, संतोष पोद्दार, जगदीश मिश्रा, महेंद्र कश्यप, हरिपदो महतो, दानियल मुंडा, दुर्गा महतो, अरुण कर, परिमल चंद्र घोष, आनंद वर्मा, यमुना प्रसाद, प्रह्लाद साहू, नीरज गुप्ता, मिथिलेश ठाकुर, दुर्गा भगत, राजू भगत, सुदामा प्रसाद, सत्यजीत कुंडू आदि उपस्थित थे।