कुम्हार समाज को रोजगार के लिए फंड मुहैया कराए सरकार
झारखंड सरकार माटी कला बोर्ड को सौ करोड़ का फंड मुहैया कराए जिससे कि सभी जिलों में मिटटी से निर्मित समानों का उत्पादन कर कुम्हार समाज को रोजगार मिले।
तोरपा : झारखंड सरकार माटी कला बोर्ड को सौ करोड़ का फंड मुहैया कराए, जिससे कि सभी जिलों में मिट्टी से निर्मित समानों का उत्पादन कर कुम्हार समाज को रोजगार मिले। यह बात रविवार को नगर भवन, तोरपा में आयोजित दक्षिणी छोटानागपुर कुम्हार विकास परिषद के सम्मेलन में मुख्य अतिथि सदन प्रजापति ने कही।
उन्होंने कहा कि प्लास्टिक युक्त समान बंद कर मिट्टी के बने सामान का उपयोग करें, जिससे पर्यावरण की रक्षा भी होगी और कुम्हारों को रोजगार भी मिलेगा। सम्मेलन का संचालन राजेन्द्र महतो ने किया और धन्यवाद ज्ञापन कृष्णा महतो ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ज्ञानचंद महतो, अजय कुमार महतो, बंधन महतो, गणेश महतो, करमदयाल महतो, परिबल महतो, चमन महतो व शिव महतो आदि का योगदान रहा। दक्षिणी छोटानागपुर कुम्हार समाज के सम्मेलन में खूंटी जिला माटी कला बोर्ड का पुनर्गठन किया गया। इसमें सर्वसम्मति से राजेन्द्र महतो उर्फ डब्लू को जिलाध्यक्ष चुना गया। महामंत्री फुदी निवासी राजेन्द्र महतो को बनाया तथा कोषाध्यक्ष अघनु महतो व महिला मोर्चा अध्यक्ष पद्मा देवी को बनाया गया। मौके पर अतिथियों के रुप में सदन महतो, संजय महतो, पुना बेसरा, बालमुकुन्द महतो, कामेश्वर महतो, महेश प्रजापति सहित कई जिलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।