नक्सली मदिराय मुंडू गिरफ्तार
सायको थाना पुलिस ने गत मंगलवार को प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के एक सदस्य को सायको थानांतर्गत डाउडीह पाहन टोली जंगल से एक देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।
खूंटी : सायको थाना पुलिस ने गत मंगलवार को प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के एक सदस्य को सायको थानांतर्गत डाउडीह पाहन टोली जंगल से एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से चार कारतूस, एक मोबाइल, एक बाइक व भाकपा माओवादी के दो पर्चे बरामद किए। यह जानकारी खूंटी एसडीपीओ आशीष कुमार महली ने बुधवार को दी।
उन्होंने बताया कि गत मंगलवार को पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर को गुप्त सूचना मिली कि भाकपा माओवादी का सदस्य बिरसा मुंडा किसी घटना को अंजाम देने के लिए अपने साथियों के साथ सायको थानांतर्गत डाउडीह पाहन टोली जंगल में मौजूद है। सूचना मिलते ही एक छापामारी दल का गठन किया गया जिसमें पुलिस निरीक्षक खूंटी अंचल, थाना प्रभारी सायको एवं सशस्त्र पुलिस बल को शामिल किया गया। इसके बाद पुलिस ने डाउडीह पाहन टोली जंगल में छापामारी की। इस दौरान जंगल के किनारे एक स्थान पर बैठे तीन-चार लोग पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने इनमें से एक व्यक्ति को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम मदिराय मुंडू निवासी सायको थानांतर्गत बाडी डाउडीह पाहन टोली बताया। साथ ही उसने स्वीकार किया कि वह भाकपा माओवादी का सक्रिय सदस्य है।