अपराधियों ने दुष्कर्म का बनाया था वीडियो
खूंटी : कोचांग स्थित आरसी मिशन से उग्रवादियों द्वारा अगवा युवतियों का जंगल में सामूहिक दुष्कर्म का व
खूंटी : कोचांग स्थित आरसी मिशन से उग्रवादियों द्वारा अगवा युवतियों का जंगल में सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो बनाया गया था। यहीं नहीं वीडियो बनाने के बाद पीड़िता को भी मोबाइल पर दे दिया गया था। यह भी चेतावनी देते हुए कहा गया था कि यदि किसी को बताया तो यह वीडियो सार्वजनिक कर देंगे। इसकी पुष्टि डीआइजी अमोल वी होमकर ने भी गुरुवार को हुए प्रेस कांफ्रेंस में दबी जुबान से की थी। इससे सहमी सभी युवतियों ने वापस आने के बाद भी किसी को कुछ नहीं बताया। यहां तक कि मिशन स्कूल की सिस्टर और फादर को भी कुछ नहीं बताया। घटना के दूसरे दिन पहले खूंटी थाना में मामला दर्ज करवाने पीड़िता की एक साथी पहुंची, लेकिन यहां पर कोई रिस्पांस नहीं लिया गया। इसके बाद वीडियो लेकर सीधे रांची पुलिस मुख्यालय पहुंच गई। वहां पर पुलिस को सब बात बताया। इसके बाद खूंटी पुलिस को इस पर कार्रवाई का निर्देश दिया गया। बुधवार रातभर खूंटी पुलिस-प्रशासन इस मामले पर कसरत करता रहा। कोई भी अधिकारी मीडिया में बोलने से बचता रहा। गुरुवार को डीआइजी ने इस मामले का खुलासा करते हुए सामूहिक दुष्कर्म की बात प्रेसवार्ता में कही। पुलिस ने उसी वीडियो से अपराधी की फोटो निकाली है। पुलिस इस कांड में शेष चार अपराधियों की भी पहचान वीडियो से कर सकती है। वैसे इस घटना को मिशन के फादर और सिस्टर रोक सकते थे, लेकिन उन्होंने पुलिस को भी सूचना देने की जरूरत नहीं समझी। पुलिस ने इस मामले में आरसी मिशन के फादर और सिस्टर सहित अन्य दोकर्मियों से पूछताछ की है। उसमें से तीन को बांड भरवाकर छोड़ दिया गया है। वहीं सूत्रों की माने तो अपराधी कोचांग के आसपास के गांव के हैं। सभी को मिशन स्कूल के लोग भी जानते हैं।