विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खूंटी में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में मारपीट; तीन सगे भाई घायल

Published: Sat, 22 Aug 2026 12:45 PM (IST)

खूंटी के बेलाहाथी गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई, जिसमें एक पक्ष के तीन ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड इमेज।

एआई जेनरेटेड इमेज।

HighLights

  1. खूंटी के बेलाहाथी गांव में जमीन विवाद पर मारपीट हुई।

  2. एक पक्ष के तीन सगे भाई गंभीर रूप से घायल हुए।

संवाद सहयोगी, खूंटी। शहर से सटे बेलाहाथी गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना में एक पक्ष के तीन सगे भाई बलिंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह और श्याम सिंह घायल हो गए। तीनों के माथे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी में भर्ती कराया गया है।

घायलों का आरोप है कि बेलाहाथी के परसा टांड़ स्थित जमीन पर शुक्रवार अपराह्न लापुंग निवासी उमाशंकर साहू 40-50 अन्य लोगों के साथ जमीन के कागजात लेकर जेसीबी चलाने पहुंचे थे। घायलों के अनुसार, उक्त जमीन को लेकर मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। इसी वजह से उन्होंने जमीन पर जेसीबी चलाने का विरोध किया।

आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और बंदूक के बट से भी मारा गया। मारपीट में तीनों भाइयों के माथे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया।

वहीं, दूसरे पक्ष के उमाशंकर साहू ने आरोपों से अलग अपना पक्ष रखा है। उनका कहना है कि उन्होंने ढाई एकड़ जमीन खरीदी है और उसका दाखिल-खारिज भी हो चुका है। उमाशंकर के अनुसार, वह मजदूरों को लेकर जमीन की साफ-सफाई कराने पहुंचे थे। इसी दौरान बेलाहाथी गांव निवासी उक्त तीनों भाइयों समेत चार-पांच अन्य लोगों ने उन पर हमला कर दिया। इसमें उन्हें भी चोट आई है।

घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से थाना में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों और घटनाक्रम की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।