अपनी जिम्मेदारियों को नहीं समझ रहे हैं ग्रामप्रधान
शनिवार को प्रखंड सभागार में ग्रामप्रधानों की बैठक अंचल अधिकारी पुष्पक रजक की अध्यक्षता में हुई।
कर्रा : शनिवार को प्रखंड सभागार में ग्रामप्रधानों की बैठक अंचल अधिकारी पुष्पक रजक की अध्यक्षता में हुई। इसमें ग्रामप्रधानों के झारखंड प्रदेश महासचिव महादेव मुंडा भी उपस्थित हुए। सीओ पुष्पक रजक ने कहा कि प्रखंड के ग्राम प्रधान अपनी जिम्मेदारियों को नहीं समझ रहे हैं। उन्हें जो अधिकार मिला है उसका निर्वाहन नहीं कर रहे हैं। न ही प्रखंड में ग्राम प्रधान संगठित हो पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाव के विकास में ग्रामप्रधानों की बहुत बड़ी भूमिका है। उन्हें अपने गाव के लोगों से मिलकर समस्याओं से अवगत होना चाहिए। उन्होंने प्रत्येक शनिवार को ग्रामप्रधानों की बैठक प्रखंड कार्यालय में करने की बात कही। इससे ग्राम प्रधान शिक्षित और संगठित हो पाएंगे और अपने अधिकारों को समझ पाएंगे। मौके पर पीटर बारला, मनसुख होरो, श्रवण पाहन, सुनील होरो, सुखराम उराव के अलावा अन्य ग्राम प्रधान उपस्थित थे।