खूंटी में अब रेसर्वायर पेन कल्चर से होगा मछली पालन
विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने गुरुवार को मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए लतरातु जलाशय में आरपीसी यानी रेसर्वायर पेन कल्चर का शिलान्यास किया।
खूंटी : विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने गुरुवार को मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए लतरातु जलाशय में आरपीसी यानी रेसर्वायर पेन कल्चर का शिलान्यास किया। कर्रा प्रखंड के डुमरगड़ी गांव में जेएसएलपीएस द्वारा संचालित जोहार परियोजना के तहत इस आरपीसी में तीन लाख मत्स्य बीज का संचयन किया जाएगा। जिसका लाभ डुमरगड़ी गांव के उन 97 महिलाओं को सीधे मिलेगा, जो उत्पादक समूह से जुड़ी हैं। इसके साथ ही विधायक ने पॉली नर्सरी हाउस का उद्घाटन किया। पॉली हाउस के माध्यम से उत्पादित फसल की गुणवत्ता बढ़ेगी। पॉली नर्सरी हाउस का उद्घाटन करने के बाद विधायक व उपायुक्त ने बीज रोपण कर प्रोत्साहित किया। इसके पूर्व ग्रामीणों ने विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, उपायुक्त शशि रंजन, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, उप विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी हेमंत सती, जोहर के परियोजना निदेशक बिपिन बिहारी समेत अन्य अधिकारियों का पारंपरिक रूप से स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जोहार के परियोजना निदेशक बिपिन बिहारी ने जोहार परियोजना का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों की कृषि एवं गैर कृषि आजीविका संबंधी गतिविधियों की उत्पादों में विविधता एवं उत्पादकता बढ़ाना है। परियोजना के अंतर्गत उन्नत कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन एवं लघु वनोपज आधारित उत्पादों में गुणात्मक वृद्धि की जाती है। उन्होंने कहा कि खूंटी जिले की महिलाओं में राज्य व देश के लिए सकारात्मक उदाहरण बनने की क्षमता है।
-------
ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में महिलाओं की भूमिका अहम : नीलकंठ
महिलाओं को विकास ही वास्तव में देश का विकास है। वैसे खूंटी के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में महिलाओं का अहम योगदान है। ये बातें खूंटी के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहीं। आरपीसी का शिलान्यास और पॉली नर्सरी हाउस का उद्घाटन करने के बाद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जोहार परियोजना के तहत खूंटी जिले के खूंटी, मुरहू व कर्रा प्रखंड में किए जा रहे कार्यों से माहिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यकता है कि स्थानीय समस्याओं का सही समय पर निराकरण हो। साथ ही पंचायत स्तर पर भी प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। उन्होंने कहा कि जोहार परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों को धरातल पर सफल रूप प्रदान किया जाय। परियोजना के जरिये किसानों की आय वृद्धि के साथ-साथ उनका क्षमतावर्धन भी हो रहा है।
-------
सतत विकास की ओर अग्रसर हो रहें ग्रामीण : उपायुक्त
इस दौरान उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि महिला किसानों को आत्मविश्वास से विकास की राह पर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जोहार परियोजना के तहत किए जा रहे कार्य किसानों को आजीविका से जोड़ते हुए उनके जीवन स्तर में गुणात्मक वृद्धि के लक्ष्य को पूर्ण करते हैं। महिलाओं को प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाया जा रहा है। उपायुक्त ने बताया कि लतरातु डैम के सुंदरीकरण के लिए कार्य किए जा रहे हैं। प्राकृतिक सौंदर्य बिखेरता लतरातु डैम पर्यटन का आकर्षण केंद्र बन कर उभर रहा है। इसके साथ ही पर्यटकों की सुविधा के लिये प्रतीक्षालय, बोटिग, सामुदायिक शौचालय आदि की व्यवस्थाओं को सु²ढ़ किया गया है।