ईडी की कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित : रामेश्वर उरांव
भेजे गए समन के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को खूंटी समाहरणालय के समक्ष धरना दिया।
ईडी की कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित : रामेश्वर उरांव
जासं, खूंटी : नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा कांग्रेस के शीर्ष नेता राहुल गांधी से पूछताछ और सोनिया गांधी को पूछताछ के लिए भेजे गए समन के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को खूंटी समाहरणालय के समक्ष धरना दिया। झारखंड के वित्त और खाद्य आपूर्ति मंत्री डा. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में आयोजित धरना सत्याग्रह कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव, डा.राजेश गुप्ता छोटू, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी सहित अन्य कांग्रेसी उपस्थित थे। डा. रामेश्वर उरांव ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई में साफ तौर पर विद्वेष की भावना झलक रही है, ईडी के अधिकारी भी जानते है यह गलत है, लेकिन वे बेवश है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से विपक्षी पार्टियों के नेताओं को और खासकर कांग्रेस के नेताओं को़ टारगेट कर प्रताड़ित किया जा रहा है, इसमें सरकार की तानाशाही साफ झलकती है। डा.उरांव ने कहा भ्रष्टाचार के ऊपर कारवाई हो इसपर कोई विवाद नहीं है, लेकिन नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र को लेकर जारी समन पूरी तरह से दुर्भावना से ग्रसित है। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि आज से देश में एक नये आंदोलन की सूत्रपात हुई है। अब वह दिन दूर नहीं जब केंद्र सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि उदयपुर में आयोजित कांग्रेस पार्टी के नवसंकल्प चिंतन शिविर के बाद से बीजेपी नेताओं में बेचैनी है। इसी बेचैनी के कारण केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। लेकिन पार्टी इससे घबराने वाली नहीं है। पार्टी के वरिष्ठ नेता लाल किशोरनाथ शाहदेव ने बताया कि अपनी असफलताओं पर झल्लाई केंद्र की हुकूमत को पार्टी कार्यकर्त्ता बता देंगे कि हम इस राष्ट्रीय विरासत को बचाये रखने के लिए कल भी दृढ़ संकल्पित थे, आज भी हैं, और कल भी हम अडिग रहेंगे। कांग्रेस नेता डा.राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि राहुल गांधी केंद्र सरकार और भाजपा के लिए बहुत बड़ी चुनौती बन गये हैं, कांग्रेस के भारत जोड़ो पदयात्रा अभियान से भाजपा पूरी तरह से बौखलाहट में है। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी, बढ़ती महंगाई से लोगों का ध्यान हटाने के लिए केंद्र सरकार इस प्रकार का कुचक्र रच रही है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण चौधरी ने कहा पार्टी आज से एक नए आंदोलन के युग का सूत्रपात कर रही है,कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में पूरे देश के लाखों-करोड़ों लोग शामिल होकर केंद्र सरकार द्वारा ईडी के माध्यम से भेजे गये सम्मन का व्यापक विरोध कर रही है।
धरना सत्याग्रह के उपरांत उपायुक्त शशी रंजन को महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा गया।आलोक दूबे ने कहा राजधानी रांची में 144 लागू रहने की वजह से ईडी कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन नहीं हो पाया,लेकिन राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर ईडी की कार्रवाई का विरोध किया गया। आज के इस धरना सत्याग्रह कार्यक्रम में ओम प्रकाश मिश्रा, नईमउद्दीन खान,रविकांत मिश्रा, देवजीत देवघरिया, रवि मिश्रा, देवेंद्र महतो, लव किशोर भगत, गोपाल भगत, अमित कुमार नाग, मरियम आइंद, मोनिका सिंह टोपनो, पौलुस पूर्ति,मदन मिश्रा, मोहम्मद जमील आदि कांग्रेसी उपस्थित थे।