डीएवी के छात्र ने बनाया 'इंडो बडी' सोशल मीडिया एप
डीएवी स्कूल के कक्षा 11 के छात्र अभिषेक महतो ने इंडो बडी सोशल मीडिया एप बनाया है।
खूंटी : डीएवी स्कूल के कक्षा 11 के छात्र अभिषेक महतो ने 'इंडो बडी' सोशल मीडिया एप बनाया है। मंगलवार को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने इस एप की लांचिग सर्किट हाउस में की। लांचिग के अवसर पर अभिषेक महतो ने एप के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह एप व्हाट्सएप, फेसबुक व इंस्टाग्राम का कंबाइंड फार्मेट है। साथ ही इसमें कई तरह के फीचर्स दिए गए हैं, जिससे मैसेजेस वीडियो को सुरक्षित रख सकते हैं। इस एप में आप लोग और भी फीचर डाल सकते हैं। इसके लिए और मेहनत करनी पड़ेगी। उसने बताया कि इससे पहले भी वह एक एप बना चुका है, जिसके माध्यम से रेस्टोरेंट व होटलों से भोजन की होम डिलीवरी की जा रही है। अभिषेक ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेक इन इंडिया पर जोर दे रहे हैं। इसी के तहत विदेशी निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से इस एप का निर्माण किया है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने तारीफ करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में पढ़ाई के साथ-साथ जिस तरह यह एप बनाया, उससे साफ है कि उसका भविष्य उज्जवल है। इस मौके पर उपायुक्त शशि रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी हेमंत सती, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर गुप्ता व अन्य डीएवी के कंप्यूटर शिक्षक धर्मवीर मौजूद थे।