Move to Jagran APP

झारखंड को अपनी विरासत समझता है झामुमो : रघुवर दास

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी देश को अपनी जागीर समझती हैं और सोरेन परिवार झारखंड को अपनी विरासत समझता है। कांग्रेस और झामुमो ने सिर्फ सत्ता का सुख भोगा।

By JagranEdited By: Published: Thu, 03 Oct 2019 09:45 PM (IST)Updated: Fri, 04 Oct 2019 06:33 AM (IST)
झारखंड को अपनी विरासत समझता है झामुमो : रघुवर दास
झारखंड को अपनी विरासत समझता है झामुमो : रघुवर दास

खूंटी : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी देश को अपनी जागीर समझती हैं और सोरेन परिवार झारखंड को अपनी विरासत समझता है। कांग्रेस और झामुमो ने सिर्फ सत्ता का सुख भोगा। उन्हें जनता के विकास और उनकी भलाई से कोई लेना-देना नहीं है। यह बात मुख्यमंत्री रघुवर दास ने गुरुवार को खूंटी और तोरपा में जोहार जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

loksabha election banner

उन्होंने कहा कि देश में 67 साल तक राज्य करने वाली कांग्रेस की सरकार ने देश के गरीब, मजदूर व आदिवासियों की जरा भी सुध नहीं ली। वर्ष 2014 में कांग्रेस सरकार के शासन से तंग आकर जनता ने देश में नरेंद्र मोदी की सरकार बनाई। इसके बाद पुन: 2019 में प्रचंड बहुमत देकर मोदी को दोबारा गद्दी पर बैठाया। यही तो लोकतंत्र की खूबसूरती है कि जो सरकार जनता की कसौटी पर खरी उतरती है, उसे जनता सिर माथे पर बैठाती है। कांग्रेस ने झारखंड को भी लूटने का काम किया है। 14 वर्षो तक राज्य को अस्थिर रखकर प्रदेश की जनता को छलने का काम किया है। क्या कारण है कि समृद्ध राज्य की गोद में गरीबी पल रही थी। जब लगभग पांच वर्ष पूर्व झारखंड में भाजपा की स्थिर सरकार बनी, तो हमारी सरकार ने झारखंड में पल रही इस गरीबी को दूर करने का बीड़ा उठाया। हमारा यह प्रयास निरंतर जारी रहेगा। आगामी कुछ वर्षो में झारखंड विकास के मामले में गुजरात व महाराष्ट्र से भी आगे निकल जाएगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि आगामी चुनाव में झारखंड में भाजपा की एक मजबूत सरकार बनाए, ताकि डबल इंजन की सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को और गति मिल सके। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की शक्ति का ही परिणाम है कि एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बना और 18 वर्ष तक टाटा कंपनी में लोहा तोड़ने वाला एक मजदूर झारखंड का मुख्यमंत्री बना। उन्होंने कहा कि चांदी का चम्मच लेकर पैदा होने वाले कांग्रेस और झामुमो के नेता गरीबों व आदिवासियों का दर्द कैसे समझ सकते हैं। जो पैदा होते ही सोने के चम्मच से दूध पीता हो, उसे क्या मालूम कि गरीबी क्या होती है।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों की विस्तार से जानकारी दी। कहा कि प्रदेश के 68 लाख परिवारों में से 57 लाख परिवारों को आयुष्मान योजना के तहत गोल्डेन कार्ड दिया गया है। इस कार्ड से गरीब परिवार के लोग देश के किसी भी अस्पताल में पांच लाख रुपये तक का इलाज करा सकते हैं। नारी शक्ति को परिवार की शक्ति बताते हुए कहा कि प्रदेश में दो लाख 17 हजार सखी मंडल का गठन किया गया है। इन्हें स्वरोजगार से भी जोड़ा जा रहा है। विकास के कार्य इस गति से हो रहे हैं कि पांच-दस वर्ष में रांची व खूंटी के बीच कोई अंतर नहीं रह जाएगा। भाजपा की सरकार का मूल मंत्र विकास है। उन्होंने कहा कि 2014 में जहां पूरे राज्य में मात्र 28 हजार शौचालय थे, वहीं अब राज्य में हर परिवार के पास शौचालय है। झारखंड देश का पहला राज्य है, जहां गरीब महिलाओं को निश्शुल्क गैस चूल्हा और दो सिलिडर दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण गरीब किसानों को हर साल छह हजार रुपये दिए जाते हैं। रघुवर दास ने कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड के 35 लाख किसानों के खाते में एक महीने के अंदर तीन हजार करोड़ रुपये भेजे हैं। दूसरी किस्त दीवाली के बाद उनके खाते में भेज दी जाएगी। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से गरीब परिवार की बच्चियों को जन्म से लेकर 18 वर्ष तक की उम्र तक 70 हजार रुपये दिये जाते हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे एक बार फिर राज्य में भाजपा की सरकार बनाने में योगदान दें।

इससे पूर्व स्थानीय विधायक सह ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने विकास के मामले में इतिहास रचने का काम किया है। पानी, बिजली व सड़क सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुदूर गांवों तक पहुंचें इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आगामी चुनाव में 65 पार के लक्ष्य को पूरा कराने का आह्वान किया और लोगों से अपने-अपने क्षेत्र में कमल खिलाने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन व धन्यवाद ज्ञापन भाजपा जिला महामंत्री विनोद नाग ने किया। जिला मुख्यालय खूंटी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रामकुमार पाहन, प्रदेश भाजपा के दीपक प्रकाश, जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, बीस सूत्री जिला उपाध्यक्ष ओपी कश्यप, जिला उपाध्यक्ष ज्योतिष भगत, कोषाध्यक्ष जयप्रकाश भाला, मंडल अध्यक्ष कैलाश महतो, राजेश नाग, सुरेश जायसवाल, सुरेश प्रसाद, खूंटी प्रमुख रुकमिला, उप प्रमुख जितेन्द्र कश्यप, नगर पंचायत अध्यक्ष अर्जुन पाहन, उपाध्यक्ष राखी कश्यप, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अनूप साहू, कृष्णानंद तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीण क्षेत्रों से आए भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.