भाजपाइयों ने पौधारोपण कर की पर्यावरण बचाने की अपील
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित सेवा सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को प्रखंड के कई सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया गया।
तोरपा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित सेवा सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को प्रखंड के कई सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया गया। इस दौरान डोड़मा में ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष राजू महतो की अध्यक्षता में पौधारोपण किया गया। साथ ही मास्क, सैनिटाइजर व साबुन आदि का वितरण भी किया गया। इस मौके पर जिप अध्यक्ष जुनिका गुड़िया व सांसद अर्जुन मुंडा के प्रतिनिधि मनोज कुमार ने पौधारोपण कर पर्यावरण को बचाने की अपील की।
इस मौके पर जिप अध्यक्ष जुनिका गुड़िया ने कहा कि 15वें वित्त आयोग की राशि केंद्र सरकार द्वारा भेजी गई है, लेकिन राज्य सरकार इसके खर्च पर गाइडलाइन नहीं दे रही है। इस कारण विकास कार्यों में बाधा पहुंच रही है। राज्य सरकार द्वारा जिला परिषद के पैसों को रोकना विकास कार्यों में बाधा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि मनरेगा द्वारा जिले में पौधारोपण किया जा रहा है, लेकिन मजदूरों की दैनिक मजदूरी सरकार नहीं दे रही है। सरकार द्वारा दैनिक मजदूरी नहीं दिए जाने से मजदूरों की पारिवारिक स्थिति चरमरा गई है। वहीं सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार राज्य का विकास करने के लिए कटिबद्ध है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के नेतृत्व में समाज का साथ और उसका विकास करने के लिए कार्यकर्ता सदैव सक्रिय हैं। मौके पर जिला महामंत्री शशांक शेखर राय, प्रखंड अध्यक्ष पुरेंद्र मांझी, जितेंद्र कर, अजीत कुमार राय, लव बागती, ग्राम प्रधान कलिया मुंडा, विपिन महतो, गौरी कर, विवेक कुमार महतो व विनोद गोप आदि कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।