Lok Sabha Election 2019: भाजपा के शासन में आदिवासी व अल्पसंख्यक सबसे असुरक्षित : बाबूलाल
Lok Sabha Election 2019. सिमडेगा में एक चुनावी सभा में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा के शासन में आदिवासी अल्पसंख्यक दलित एवं महिलाएं सबसे अधिक असुरक्षित हैं।
सिमडेगा, जागरण संवाददाता। Lok Sabha Election 2019- पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा के शासन में आदिवासी, अल्पसंख्यक, दलित एवं महिलाएं सबसे अधिक असुरक्षित हैं। यदि आप चाहते हैं कि देश में कोई भूखा न रहे, तो भाजपा को भगाएं। वे गुरुवार को सिमडेगा के बाजारटांड़ में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, भाजपा सरकार जो कहती है, उसे नहीं करती है।
सरकार पांच वर्षों तक हिंदू-मुसलमान को लड़ाती रही। झारखंड में सरकार को जो करना था, उसने नहीं किया। उसने वही किया, जो नहीं करना चाहिए था। जल, जंगल और जमीन बचाने के लिए भगवान बिरसा समेत कई ने शहादत दी है। लेकिन सरकार ने जंगल बचाने के प्रावधानों को खत्म करने का काम किया है।
आदिवासियों की जमीन लेकर सरकार कॉरपोरेट घरानों को बंदोबस्त करने जा रही है। गरीबों के राशन कार्ड छीन लिए गए। गरीब परिवारों के बच्चों के लिए अच्छी पढ़ाई, स्वास्थ्य व्यवस्था भाजपा सरकार में संभव नहीं है। यदि आप अपना हित एवं विकास चाहते हैं तो अपना एक-एक वोट महागठबंधन के पक्ष में दें।
चुनाव नहीं चुनौती है, आतंक व लूट के खिलाफ जंग है : हेमंत
इस चुनाव को हल्के में न लें। क्योंकि यह महज चुनाव नहीं, बल्कि एक चुनौती है। देश को लूट से बचाने की चुनौती, संवैधानिक संस्थाओं की सुरक्षा की चुनौती एवं देश व राज्य को विकास के पथ पर लाने की चुनौती है। पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को सिमडेगा में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए यह बातें कही।
हेमंत ने कहा कि आज देश में डर एवं भय का माहौल है। सत्ता ने संवैधानिक संस्थाओं को जकड़ रखा है। डबल इंजन की सरकार ने डबल लूट मचा रखी है। नोटबंदी से करोड़ों लोग बेरोजगार हो गए। स्थानीय नीति में बदलाव कर दूसरे राज्य के लोगों को नौकरियां दी गईं। सीएनटी में बदलाव एवं जंगल तथा जमीन से आदिवासियों को बेदखल करने की कोशिश की गई।
यदि पुन: भाजपा की सरकार बनी तो जंगल-जमीन के साथ आदिवासी एवं अल्पसंख्यक भी नहीं बच पाएंगे। उन्होंने कहा कि देश को खतरा सिर्फ बेरोजगारी, भ्रष्टाचार एवं आतंकवाद से नहीं बल्कि भाजपा से भी है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सेमीफाइनल है। फाइनल तो बाद में होगा, जब हमलोग मुख्यमंत्री रघुवर दास को राज्य से भगाएंगे।
अब तो उन्हें छत्तीसगढ़ में भी शरण नहीं मिलेगी। क्योंकि वहां भी उनकी सरकार नहीं बची है। उन्हें सीधे गुजरात जाना होगा।उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना बीमा कंपनियों की जमात को फायदा पहुंचाने के लिए है। जहां डॉक्टर है, वहां मरीज नहीं पहुंच रहे।
भाजपा के 75 फीसद लोग सरकारी शौचालय में नहीं घुस सकते
हेमंत सोरेन ने कहा कि शौचालय योजना में सिर्फ लूट हुई है। भाजपा के 75 फीसद नेता ऐसे शौचालय में नहीं घुस सकते। कहा, गांवों में बने शौचालय में कोई अमित शाह को घुसाकर तो देख ले। शौचालय के साथ उन्हें बाहर निकालना होगा। जुमलेबाज सरकार से बचने के लिए सबों को एकजुट होकर महागठबंधन का साथ देना होगा।