पत्थलगड़ी आंदोलन समर्थक 53 लोगों ने वापस लिए कागजात
पत्थलगड़ी आंदोलन के दौरान मतदाता पहचान पत्र आधार कार्ड राशन कार्ड समेत अन्य सरकारी प्रमाण पत्र वापस करने वाले लोग अब धीरे-धीरे वापस मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
खूंटी : पत्थलगड़ी आंदोलन के दौरान मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड समेत अन्य सरकारी प्रमाण पत्र वापस करने वाले लोग अब धीरे-धीरे वापस मुख्यधारा में लौट रहे हैं। वे अब सभी प्रकार के सरकारी कागजात वापस लेने लगे हैं। इसी क्रम में सोमवार को खूंटी प्रखंड मुख्यालय में 53 लोगों ने अपने कागजात वापस लिए। खूंटी प्रखंड मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में खूंटी प्रखंड के सुदूरवर्ती हाबुइडीह व बोंगामाद गांव के कुल 53 ग्रामीण वापस मुख्यधारा में जुड़े। दोनों गांव के लोग पत्थलगड़ी आंदोलन के दौरान अपना आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र आदि सरकार को वापस कर दिया था। सरकारी दस्तावेज वापस किए जाने के बाद लोगों को सरकार की ओर से मिलने वाली योजनाओं का लाभ मिलना बंद हो गया। आंदोलन के ठंडा पड़ने के बाद अब लोगों को अपने किए पर पछतावा होने लगा और लोग फिर से कागजात वापस लेने की दिशा में कदम बढ़ाने लगे। ग्रामीणों ने आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र एवं राशन कार्ड वापस लेने के लिए ग्रामसभा के माध्यम से आवेदन दिया। इसके तहत सोमवार को प्रखंड कार्यालय में जिला पंचायती राज पदाधिकारी सह खूंटी प्रखंड के वरीय पदाधिकारी प्रेमतोष चौबे और प्रखंड विकास पदाधिकारी सविता सिंह ने कुल 53 लोगों को उनके कागजात वापस किए। मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने ग्रामीणों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने व जागरूक ²ष्टिकोण अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिग्भ्रमित विचारधारा का त्याग करते हुए स्वयं के साथ समाज को आगे बढ़ना है। इसके लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे। सभी को एकसाथ मिलकर विकास की गति को आगे बढ़ाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना होगा। ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण करने व उनसे निरंतर संपर्क बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन प्रयासरत है। मौके पर खूंटी के प्रखंड विकास पदाधिकारी सविता सिंह ने कहा कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों के ग्रामीण सामुहिक रूप से कदम बढ़ाए और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने स्तर से भी लोगों को जागरूक करें। खूंटी प्रखंड के लोग अब मुख्यधारा से जुड़ने के लिए जागरूक कदम बढ़ा रहे हैं।