बनारस से पैदल ही निकल पड़े घर को
नारायणपुर (जामताड़ा) बनारस से पैदल ही अपने घर पाकुड़ जिले के महेशपुर निकले प्रवासी म
नारायणपुर (जामताड़ा) : बनारस से पैदल ही अपने घर पाकुड़ जिले के महेशपुर निकले प्रवासी मजदूर शुक्रवार को नारायणपुर पहुंचे। पैदल यात्रा कर रहे मजदूरों ने बताया कि 12 दिन पूर्व बनारस से पैदल ही घर के लिए निकल गए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए मोहम्मद हबीबूल, इयार मोहम्मद, मोहम्मद कादिर आदि लोगों ने कहा कि हम लोग बनारस में मजदूरी का कार्य करते हैं। लॉकडाउन में एक माह से अधिक समय तक वहां रहे। जब राशि और राशन समाप्त हो गया तो घर जाने के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा। खाने पीने का कुछ सामान लेकर पैदल ही घर को निकल लिए। रास्ते में कहीं कोई सवारी मिली तो कर लिए वर्ना पैदल यात्रा जारी है। शुक्रवार की सुबह करीब दर्जनभर मजदूर बनारस से नारायणपुर पहुंचे और पैदल ही महेशपुर के लिए कूच कर गए। मजदूरों ने कहा कि घर पहुंच जाएंगे तो सुकून मिलेगा। पूर्णबंदी ने परेशानी खड़ी कर दी है, करें तो क्या करें। कोरोना जैसी महामारी से बचते हुए यात्रा कर रहे हैं। घर पहुंचने का लक्ष्य है। ईश्वर से प्रार्थना है कि सकुशल घर पहुंचने में मदद करें।