अजगर सांप मिलने से गांव में खलबली
नाला (जामताड़ा) शुक्रवार को नाला प्रखंड क्षेत्र के अन्तर्गत कालीपाथर गांव के बानेश्वर माजि के
नाला (जामताड़ा) : शुक्रवार को नाला प्रखंड क्षेत्र के अन्तर्गत कालीपाथर गांव के बानेश्वर माजि के घर के बाहर अजगर सांप निकलने से लोगों में खलबली मच गई। गुरुवार रात को बानेश्वर माजी किसी काम से घर के बाहर निकले थे। बाहर का दरवाजा खोलने पर देखा कि लगभग दस फीट लंबा अजगर सांप दरवाजा के सामने है। रात के अंधेरे में सांप को देख कर हल्ला किया। पर आसपास घरों के लोग आए। रोशनी में देखा तो पता चला कि अजगर सांप है। लोगों ने सांप को एक ड्रम में भरकर रखा। शुक्रवार की सुबह वन विभाग के वन रक्षी प्रकाश मरांडी को सौंप दिया। सांप को बोरा में भरकर वन में छोड़ दिया गया। मौके पर वनरक्षी ने ग्रामीणों को बताया कि सांप पर्यावरण का मित्र है। इसलिए इसे मारें नहीं बल्कि उसके आवासन के लिए अनुकूल स्थानों में छोड़ दें। काफी संख्या में आसपास गांवों के लोग सांप को देखने पहुंचे थे। लोगों का कहना था कि अजगर सांप जंगल व पहाड़ों में देखा जाता था। अब वह अपना स्थान बदल कर गांव पहुंच रहा है। इलाके में योजनाओं में लगी बड़ी-बड़ी मशीनों की आवाज से वन्य जीव भी भयभीत होकर पहाड़ छोड़ कर गांव की ओर भाग रहे हैं।