चोरी का स्क्रैप लदे दो वाहन जब्त, जांच से खलबली
संवाद सूत्र मिहिजाम (जामताड़ा) मिहिजम थाना की पुलिस ने शनिवार को कानगोई क्षेत्र से चोरी क
संवाद सूत्र, मिहिजाम (जामताड़ा) : मिहिजम थाना की पुलिस ने शनिवार को कानगोई क्षेत्र से चोरी का स्क्रैप लदे दो वाहन को जब्त किया है। दोनों वाहन पश्चिम बंगाल में लोहे को खपाने के लिए जा रहा था। दोनों चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गहनता से जांच हुई तो पहले चोरी की घटना का अंजाम देने फिर उसे खपाने के शातिर गिरोह का खुलासा हो सकता है।
पुलिस के मुताबिक थाना प्रभारी सुमन कुमार को वाहनों की सूचना मिली थी। इस पर जामताड़ा-मिहिजाम मुख्य मार्ग के कानगोई के समीप स्क्रैप लदे दो 407 वाहन को जब्त किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोहा माफियाओं में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि दोनों वाहनों में चुराए गए लोहा स्क्रैप को लादकर फैक्ट्रियों में खपाने के लिए बंगाल के लिए ले जाया जा रहा था। जब्त 407 वाहनों का नंबर क्रमश: जेएच04एन-8276 व जेएच21जी-0681 है। पुलिस पहले से ही इस कॉकस के पीछे पड़ी थी। लगातार गुप्त सूचनाएं मिल रही थी कि जामताड़ा जिले में व्यापक पैमाने पर लोहे की तस्करी हो रही है। दोनों मालवाहक वाहनों में लदे स्क्रैप वैध है या अवैध, फिलहाल इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार स्क्रैप के कागजात नहीं पाए गए है। थाना प्रभारी सुमन कुमार ने बताया कि पकड़े गए वाहनों में लदे स्कैप की जांच की जा रही है। दोनों चालकों ने कोई कागजात अब तक नहीं दिखाया है। दोनों वाहनों के चालकों व मालिकों पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।