किशोरियों को कराया अधिकार व दायित्व का बोध
हुमाना पीपुल टु पीपुल इंडिया एवं झारखंड महिला विकास समिति द्वारा संचालित तेजस्विनी परियोजना के किशोरियों के सामाजिक आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर तीसरे चरण का सात दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण गुरुवार से शुरू हुआ।
संवाद सहयोगी नारायणपुर (जामताड़ा): हुमाना पीपुल टु पीपुल इंडिया एवं झारखंड महिला विकास समिति द्वारा संचालित तेजस्विनी परियोजना के किशोरियों के सामाजिक आर्थिक सशक्तीकरण को लेकर तीसरे चरण का सात दिवसीय उन्मुखीकरण प्रशिक्षण गुरुवार से शुरू हुआ। प्रशिक्षण नारायणपुर प्रखंड के 15 क्लस्टर में आयोजित किया गया है।
सबनपुर के प्रशिक्षण में पर्यवेक्षक क्लस्टर को-ऑर्डिनेटर पप्पू कुमार पोद्दार ने कहा कि किशोरियों को बंधन और बेड़ियों से बाहर निकलने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है। इन बंधनों के कारण वे अपने समाज घर परिवार में अपने विचार नहीं रख पातीं। मनोरंजन के विभिन्न साधनों के प्रयोग की छूट नहीं होती। पारिवारिक निर्णयों में भागीदारी सुनिश्चित नहीं कर सकती है। किशोरियों को योग्यता व इच्छा से रोजगार की छूट नहीं दी जाती। विवाह का निर्णय लेने की कोई छूट नहीं होती। घर से बाहर जाने पर पाबंदी रहती है। सात दिवसीय प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद किशोरियां अपने कर्तव्य एवं अधिकार के प्रति जागरूक होंगी।
कार्यक्रम में प्रखंड समन्वयक बाबूलाल दास, गौतम भगत, तापस समद्दर, रुखसाना खातून, कल्याणी कुमारी, रीता मंडल, शहनाज खातून, सहादत अली आदि उपस्थित थे।