व्रतियों ने कद्दू-भात व कोहड़ा-भात का ग्रहण किया प्रसाद
क्षेत्र के अम्बाटांड़ नवाटांड़ पांडेयडीह डोकीडीह सहित अन्य गांवों में लोक आस्था का महापर्व छठ गुरुवार को नहाय-खाय के साथ प्रारंभ हो गया।
मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा) : क्षेत्र के अम्बाटांड़, नवाटांड़, पांडेयडीह, डोकीडीह सहित अन्य गांवों में लोक आस्था का महापर्व छठ गुरुवार को नहाय-खाय के साथ प्रारंभ हो गया। महापर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र में लोग गुरुवार को कहीं कद्दू भात तो कहीं कोहड़ा भात का प्रसाद बनाकर ग्रहण किया। महापर्व को लेकर शुक्रवार को खरना, शनिवार को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर तथा रविवार को उदयाचल भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर महापर्व का समापन किया जाएगा। महापर्व छठ को लेकर नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में नदी व तालाबों में छठ घाटों की साफ-सफाई सहित आवश्यक तैयारियां लोग जोर-शोर से करने में जुटे हुए हैं। इस महापर्व को लेकर छठ गीतों के बजने से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बन गया है। व्रती पूरी नियम-निष्ठा के साथ गुरुवार से ही लगे हुए हैं। क्षेत्र से बाहर रहने वाले लोग त्योहार में भाग लेने के लिए घर पहुंच चुके हैं।
डोकीडीह गांव में लगेगा दो दिवसीय मेला : छठ महापर्व के अवसर पर क्षेत्र के डोकीडीह गांव में लगने वाला दो दिवसीय मेला तीन नवंबर को आरंभ होगा। चार नवंबर को यह संपन्न होगा। मेला क्षेत्र के लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र है। काफी संख्या में लोग मेला का आनंद लेने पहुंचते हैं। खासकर यह मेला जुआ खेल के लिए भी प्रसिद्ध है। हजारों की संख्या में लोग यहां आकर अपने भाग्य आजमाते हैं।