साइबर अपराधियों की संपत्ति का आकलन कर रही पुलिस
साइबर थाने की पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें दुर्योधन मंडल और बलराम मंडल रिश्ते में भाई हैं।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा : : साइबर थाने की पुलिस टीम ने छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया। इनमें दुर्योधन मंडल और बलराम मंडल रिश्ते में भाई हैं। इससे पहले वह तेलंगाना पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है। जेल से जमानत पर मुक्त होने के बाद उसने फिर अपराध में शामिल हो गया। वह लाखों का मकान अपने गांव में बना रहा है। पुलिस ने उसकी अवैध संपत्ति का आकलन शुरू कर किया है।
एसपी अंशुमान कुमार के निर्देश पर सोमवार दोपहर दो टीमों ने छापेमारी की। एक टीम थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुनील चौधरी और दूसरी टीम इंस्पेक्टर गंदरू उरांव के नेतृत्व में छापेमारी कर रही थी। दुर्योधन व बलराम को रतनुडीह से गिरफ्तार किया। उसके पास से तीन फोन, पांच सिमकर्ड, एक पासबुक, पांच एटीएम कार्ड, एक पैन कार्ड , एक आधार कार्ड, एक बाइक व एक मालवाहक गाड़ी जब्त की गई। दोनों हेठकरमाटांड़ का निवासी है। वह पांच-छह वर्षों से खाताधारकों को चूना लगा रहा था। खातों से ऑनलाइन भी ठगी करता था। उसकी हार्डवेयर की भी बड़ी दुकान है।
पूछताछ में उसने पुलिस के समक्ष कई खुलासा किए, पर अनुसंधान प्रभावित होने की वजह से पुलिस कुछ नहीं बता रही है। उसके बैंक खातों की जांच शुरू कर दी गई है।
इधर, नावाडीह-दुर्गापर में पुलिस की दूसरी टीम इंस्पेक्टर उरांव की अगुवाई में छापेमारी की। काली मंडप में छिप कर सूरज व नरेंद्र मंडल फोन पर खुद को बैंक अधिकारी बताकर खाता धारकों को झांसा दे रहा था। दोनों इसी गांव के निवासी है। ये पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़े। इनके पास से तीन मोबाइल फोन, छह सिम जब्त किए गए।
डीएसपी सुमित कुमार की मानें तो दुर्योधन मंडल शातिर अपराधी है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से ठगी शुरू कर दी थी। चारों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।