अब हम दो हमारे एक का नारा बुलंद करना जरूरी
कुंडहित (जामताड़ा) रविवार को जनसंख्या दिवस के अवसर पर कुंडहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
कुंडहित (जामताड़ा) : रविवार को जनसंख्या दिवस के अवसर पर कुंडहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परिवार नियोजन पखवाड़ा का उद्घाटन बीडीओ गिरिवर मिज, जिला परिषद सदस्य भजहरि मंडल, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. विनिता मुर्मू ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। बीडीओ ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए जागरूकता पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। पहले स्वास्थ्य विभाग का नारा हम दो हमारे दो, लेकिन आज के समय के साथ हम सभी को एक ही नारा को बुलंद करना चाहिए हम दो हमारे एक। इससे देश में विकास की गति में तेजी आएगी।
जिप सदस्य भजहरि मंडल ने कहा सरकार जनसंख्या नियंत्रण के लिए कई तरह के कार्यक्रम चला रही है। ताकि जनसंख्या नियंत्रण हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य पखवाड़ा पर जानकारी देते हुए कहा कि 24 जुलाई तक केंद्र में विभिन्न स्टाल लगाकर लोगों को विभिन्न पहलुओं की पर जानकारी दी जाएगी। उपस्थित कर्मियों को अपना दायित्व निभाने को कहा। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा. विनिता मुर्मू ने कहा कि यह पखवाड़ा 24 जुलाई तक चलाया जाएगा। इस दौरान परिवार नियोजन के सभी कारकों की जानकारी के साथ ही महिला बंध्याकरण तथा पुरुष नसबंदी करने का परामर्श दिया जाएगा। इसे सफल बनाने को सभी स्वास्थ्य कर्मी व सभी सहिया को विशेष दायित्व दिया गया। मौके पर आयुष चिकित्सक डा. तापस मंडल, प्रभारी बीपीएम सलीम खान, चंदन गिरि, बीटीटी अवध राम, सुबोध मंडल सहित काफी संख्या में स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।