नारायणपुर में छट्ठा लघु सिचाई गणना शुरू
नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में छठा लघु सिंचाई गणना शुरू
नारायणपुर (जामताड़ा) : नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में बुधवार से छट्ठा लघु सिचाई गणना आरंभ हो गई है। सरकार से प्राप्त निर्देश के आलोक में लघु सिचाई विभाग जामताड़ा व अंचल कार्यालय नारायणपुर के संयुक्त अभियान के तहत प्रखंड क्षेत्र के तालाबों गणना की गई। इस संबंध में लघु सिचाई विभाग के अभियंता महेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि छठे लघु सिचाई गणना के तहत प्रखंड क्षेत्र के तालाब, डोभा, सिचाई कूप, चेकडैम आदि जल स्त्रोतों की गणना करनी है। उन्होंने बताया कि फर्स्ट सेंसस ऑफ़ वाटर बॉडी ऐप डाउनलोड कर जल स्त्रोतों का फोटो लेकर भेजना है। कार्यक्रम के तहत जल स्त्रोतों की गणना करवाना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। बताते चलें कि नारायणपुर अंचलाधिकारी केदारनाथ सिंह छट्ठा लघु सिचाई योजना के नोडल पदाधिकारी है। केदारनाथ सिंह ने बताया कि उक्त कार्य में प्रखंड क्षेत्र के जनसेवक, पंचायत सचिव आदि को लगाया गया है। तय समय पर तालाब, चेकडैम आदि जल स्त्रोतों की गणना कर फर्स्ट सेंसस ऑफ़ वाटर बॉडी एप में अपलोड करना है। उन्होंने कहा कि उक्त कार्य को बड़ी जवाबदेही के साथ की जानी है। इसमें कोताही बिल्कुल भी नहीं करें। बुधवार को नारायणपुर के कैला तालाब में गणना की प्रक्रिया आयोजित की गई। जिसमें लघु सिचाई विभाग के अभियंता महेंद्र सिंह, जनसेवक नारायण पंडित, राजेश सिन्हा, संतोष आचार्य, राजेश झा, कमल किशोर राय, फनी भूषण मंडल, बंम शंकर दुबे आदि उपस्थित थे।
अंचलाधिकारी केदारनाथ सिंह के कार्यालय कक्ष में लघु सिचाई विभाग के अभियंता महेंद्र प्रसाद सिंह की उपस्थिति में प्रखंड क्षेत्र के जन सेवकों व पंचायत सचिवों की बैठक हुई। बैठक में अंचलाधिकारी ने छट्ठा लघु सिचाई गणना से संबंधित विषय पर विस्तार से चर्चा किया और बताया कि उक्त कार्य का संपादन कैसे किया जाना है। सभी को फस्ट सेंसस ऑफ वाटर बडी एप को डाउनलोड करने को कहा गया ताकि उसमें अपलोड किया जा सके। कहीं कोई दिक्कत है तो बताएं समाधान किया जाएगा।