पॉलिटेक्निक से ICU तक... जामताड़ा के लिए JMM ने CM हेमंत के सामने रखीं 11 बड़ी मांगें
जामताड़ा झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिलकर जिले के विकास और जनहित से जुड़ी 11 सूत्री मांगें रखीं।

रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ जामताड़ा जिला झामुमो का प्रतिनिधिमंडल।
HighLights
जामताड़ा झामुमो ने सीएम हेमंत सोरेन से की मुलाकात।
जिले के विकास हेतु 11 सूत्री मांगें प्रस्तुत कीं।
पॉलिटेक्निक, पीजी पढ़ाई, आईसीयू संचालन प्रमुख मांगें।
संवाद सहयोगी, जामताड़ा। जामताड़ा जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर जिले के विकास एवं जनहित से जुड़ी 11 सूत्री मांगों का संयुक्त ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू, जिला उपाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि अशोक मंडल, राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य लालू अंसारी, जिला उपाध्यक्ष इम्तियाज अंसारी, जिला कोषाध्यक्ष सह युवा नेता प्रदीप मंडल, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष सगीर खान और युवा मोर्चा उपाध्यक्ष सुधांशु शेखर शामिल थे।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष जिले की विभिन्न समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ वार्ता सकारात्मक रही। मुख्यमंत्री ने मांगों पर आवश्यक पहल का भरोसा दिया।
ज्ञापन में कटंकी में निर्मित भव्य पॉलिटेक्निक कॉलेज का संचालन शुरू करने, जामताड़ा कॉलेज में पीजी की पढ़ाई शुरू करने, नारायणपुर के बांकुडीह उच्च विद्यालय को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय में परिवर्तित करने और मिहिजाम में आइटीआइ की स्थापना की मांग की गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर पबिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने, सदर अस्पताल जामताड़ा में आइसीयू का संचालन जल्द शुरू करने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों, प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ और तकनीकी कर्मियों की नियुक्ति की मांग रखी गई।
इसके अलावा गांगुडीह में पर्यटन स्थल का विकास, मिहिजाम-कानगोई में रेल ओवरब्रिज/अंडरब्रिज का निर्माण, पंचायतों में जर्जर बिजली पोल और तार बदलने तथा केंद्रवाटांड़ स्टेट हाईवे से बांकुडीह होते हुए गांगुडीह एवं मोहनपुर तक सड़क को पथ प्रमंडल में स्थानांतरित करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से सभी मांगों पर शीघ्र पहल कर जामताड़ा जिले के विकास को गति देने का आग्रह किया।
