जामताड़ा में मुस्लिम मिस्त्री ने आदिवासी महिला से किया गंदा काम, पंचायत ने चाैराहे पर बांध कर दिया दंड
Jamtara Tribal Woman Molestation News: जामताड़ा के नयाडीह गांव में एक आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला ...और पढ़ें

घटना के बाद नारायणपुर थाने में जुटे दोनों पक्षों के लोग। (फोटो-जागरण)
HighLights
आदिवासी महिला से दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप।
ग्रामीणों ने आरोपी तैयब अंसारी को पकड़कर पीटा।
पुलिस ने आरोपी को बचाया, मामला थाने पहुंचा।
जागरण संवाददाता, मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा)। नारायणपुर थाना क्षेत्र के नयाडीह गांव के डूंगरीडीह टोला में एक आदिवासी महिला के साथ कथित रूप से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिहरपुर गांव निवासी राजमिस्त्री तैयब अंसारी ने आदिवासी समुदाय की तीन बच्चों की मां को मजदूरी का बकाया पैसा देने के बहाने अपने पास बुलाया। महिला जब उसके पास पहुंची तो उसने कथित रूप से उसके साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ लिया।
गांव के चाैराहे पर बांध कर पिटाई
ग्रामीणों की भीड़ से बचने के प्रयास में आरोपी गिर पड़ा, लेकिन लोगों ने दोबारा उसे दबोच लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर दी और गांव के चौराहे के पास उसे बांधकर रखा। मामले की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दी गई।
सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विकास आनंद लागुरी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे। नारायणपुर थाना की पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से आरोपी को सुरक्षित छुड़ाकर थाने ले आई। पुलिस की तत्परता से किसी बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया गया।
गुरुवार सुबह से ही इस घटना को लेकर दोनों पक्षों के दर्जनों लोग गांव में एकत्र हो गए। ग्रामीण स्तर पर पंचायती कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया, जो देर शाम तक चला, लेकिन किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सका। दोनों पक्ष अपनी-अपनी बातों पर अड़े रहे, जिससे समझौता नहीं हो सका।
महिला ने नारायणपुर थाने में की लिखित शिकायत
पीड़िता ने नारायणपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से नयाडीह गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। समाचार लिखे जाने तक आदिवासी समुदाय के कई लोग थाना परिसर में मौजूद थे। पुलिस पदाधिकारी साकेत देव और थाना प्रभारी गवाहों की सूची तैयार करने में जुटे थे।
आरोपी 50 हजार रुपये देने को तैयार
बताया जा रहा है कि मामले को आपसी समझौते से सुलझाने के लिए दो लाख रुपये की बातचीत हुई थी, जबकि आरोपी पक्ष 50 हजार रुपये देने को तैयार था। समझौता नहीं होने पर मामला कानूनी प्रक्रिया में चला गया। इस दौरान जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष हीरालाल सोरेन और पंचायत समिति सदस्य केश्वर सोरेन सहित अन्य लोग भी थाने में मौजूद थे।
