गैस सर्विस अपडेट करने के नाम पर भेजते थे फर्जी APK फाइल, जामताड़ा से साइबर ठग गिरफ्तार
जामताड़ा पुलिस ने महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (MNGL) के उपभोक्ताओं को फर्जी APK फाइल भेजकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कोड़राटांड़ गांव से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
HighLights
जामताड़ा पुलिस ने फर्जी APK ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया।
MNGL उपभोक्ताओं को निशाना बनाकर की जा रही थी ऑनलाइन ठगी।
आरोपी बसंत मंडल गिरफ्तार, तीन मोबाइल-चार सिम कार्ड बरामद।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा। महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (MNGL) के उपभोक्ताओं को सेवा अपडेट कराने के नाम पर फर्जी APK (एपीके) फाइल भेजकर ठगी करने वाले गिरोह का जामताड़ा पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करमाटांड़ थाना क्षेत्र के कोड़राटांड़ गांव से बसंत कुमार मंडल (23) को गिरफ्तार किया गया है।
3 मोबाइल और 4 सिम कार्ड बरामद
जामताड़ा एसपी शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कोड़राटांड़ स्थित बसंत मंडल (पिता- नरेश मंडल) के ठिकाने पर छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन और चार फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं।
ठगी का नया पैंतरा: फर्जी APK फाइल
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह महाराष्ट्र के उपभोक्ताओं को टारगेट करता था। आरोपी उपभोक्ताओं को झांसा देकर उनके व्हाट्सएप या मैसेज पर गैस अपडेट नाम की फर्जी APK फाइल भेजते थे।
जैसे ही उपभोक्ता इस फाइल को अपने फोन में इंस्टॉल करते थे, ठग उनके मोबाइल का पूरा एक्सेस हासिल कर लेते थे। इसके बाद फोन में मौजूद निजी व वित्तीय डेटा चोरी कर बैंक खातों से पैसे उड़ा लिए जाते थे।
पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ है। इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी टीम में पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार, हीरालाल महतो सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
