प्रदीप-तिर्की को कांग्रेस में शामिल होने को लेकर फिर तल्ख हुए इरफान, इस्तीफे की दी धमकी Jamtara News
इरफान अंसारी ने एक बार फिर प्रदीप यादव और बंधु तिर्की को कांग्रेस में शामिल करने का विरोध किया है। कहा कि अगर इन्हें पार्टी में शामिल किया गया तो वे पद से इस्तीफा दे देंगे।
जामताड़ा, जेएनएन। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने एक बार फिर झारखंड विकास मोर्चा से निष्कासित विधायक प्रदीप यादव और बंधु तिर्की को कांग्रेस में शामिल करने का खुलकर विरोध किया है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा मानसिकता के लोग पार्टी में शामिल किये गये तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सिर्फ अपने पद से इस्तीफा देंगे। वे विधायक बने रहेंगे।
बता दें कि प्रदीप यादव और बंधु तिर्की के कांग्रेस में शामिल होने की अटकले काफी दिनों से लगायी जा रही है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह के साथ दोनों नेताओं ने नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात भी की थी। यहां उनके कांग्रेस में शामिल होने पर सहमति दी जा चुकी थी। हालांकि तब कहा गया कि कुछ दिनों बाद झारखंड में औपचारिक तौर पर दोनों को पार्टी में शामिल कराया जाएगा। लेकिन, तभी झारखंड कांग्रेस में विरोध की चिंगारी सुलग गई।
कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष व जामताड़ा से विधायक इरफान अंसारी ने दोनों नेताओं को पार्टी में शामिल करने के फैलसेल का विरोध किया। इरफान ने खासतौर पर पोड़ैयाहाट के विधायक प्रदीप यादव के खिलाफ अपने सुर तेज किये। उन्होंने कहा कि प्रदीप यादव शातिर आदमी है। वह पार्टी को बर्बाद कर देगा। हालांकि, उन्होंने यह भी आशा जताई है कि पार्टी उनकी बात सुनेगी।