जामताड़ा से लापता किशोर पटना से बरामद, अपहरण के एंगल से जांच कर रही पुलिस
Jamtara News मिहिजाम से लापता 15 वर्षीय नाबालिग रोशन जमीर अंसारी को पुलिस ने पटना से सकुशल बरामद कर लिया है।

बरामद किशोर के साथ पुलिस। (एआइ फोटो)
HighLights
मिहिजाम से लापता 15 वर्षीय नाबालिग पटना से मिला।
अज्ञात नंबरों से परिजनों को फिरौती के फोन आए थे।
पुलिस नाबालिग के पटना पहुंचने की जांच कर रही है।
संवाद सहयोगी, मिहिजाम (जामताड़ा)। मिहिजाम थाना क्षेत्र के पियालसोला गांव से लापता 15 वर्षीय नाबालिग रोशन जमीर अंसारी को पुलिस ने पटना से सकुशल बरामद कर लिया। नाबालिग के लापता होने के बाद परिजनों को अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन कर रुपये की मांग की गई थी।
इससे परिजनों को उसके अपहरण की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस से तत्काल कार्रवाई की गुहार लगाई। हालांकि, पूछताछ में परिजनों ने बताया कि घर से निकलने से पहले नाबालिग ने 500 रुपये मांगे थे। रुपये नहीं मिलने के बाद वह घर से चला गया था।
जानकारी के अनुसार, पियालसोला निवासी हसीना बीबी का पुत्र रोशन जमीर अंसारी 28 अगस्त की दोपहर करीब 12 बजे घर से बिना बताए निकल गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने मिहिजाम थाना में शिकायत दर्ज कराई।
इसी दौरान परिजनों के मोबाइल पर 9065857369 और 9801489437 नंबरों से फोन आया और रुपये की मांग की गई। इसके बाद परिवार ने नाबालिग के अपहरण की आशंका जताई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मिहिजाम पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी जांच और अन्य माध्यमों से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने नाबालिग को बिहार के पटना से बरामद कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।
रुपये की मांग करने वाले मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग पटना कैसे पहुंचा और फोन कर रुपये मांगने वाले लोग कौन थे तथा उनकी इसमें क्या भूमिका है। मिहिजाम थाना में मामला दर्ज कर अनुसंधान जारी है। नाबालिग की सकुशल बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है।
