विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जामताड़ा में मवेशी लदा बोलेरो पलटा, दो लोगों और तीन बैलों की मौत

Published: Thu, 24 Sep 2026 08:46 AM (IST)

जामताड़ा में करमाटांड़-मधुपुर मुख्य सड़क पर इंद्राटांड़ के पास मवेशी लदा एक बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ...और पढ़ें

ट्रैकर में पड़े दोनों शवों को देखते लोग। (फोटो जागरण)

ट्रैकर में पड़े दोनों शवों को देखते लोग। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. जामताड़ा में मवेशी लदा बोलेरो तीखे मोड़ पर पलटा।

  2. हादसे में दो लोगों अशरफ और रफीक अंसारी की मौत।

  3. बोलेरो में लदे पांच में से तीन बैलों ने दम तोड़ा।

संवाद सहयोगी , करमाटांड़ (जामताड़ा)। झारखंड के जामताड़ा जिले में करमाटांड़-मधुपुर मुख्य सड़क पर इंद्राटांड़ के समीप बुधवार देर रात मवेशी लदा बोलेरो तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौत हो गई।

वहीं, वाहन में लदे पांच मवेशियों में तीन बैलों की भी मौत होने की सूचना है। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मृतक दोनों युवक नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरूडीह गांव निवासी अशरफ और रफीक अंसारी के रूप में की गई है। दोनों की उम्र 40 वर्ष के आसपास है।

जानकारी के अनुसार, बोलेरो में पांच मवेशियों को लेकर ले जाया जा रहा था। इंद्राटांड़ के समीप सड़क के तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

सूचना मिलने पर करमाटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों मृतकों की पहचान के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जामताड़ा भेज दिया।

मृतकों की पहचान चिरूडीह निवासी रफीक अंसारी और अशरफ अंसारी के रूप में हुई है। दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो का नंबर 15 जी 1899 बताया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पशुओंं का परिवहन तस्करी के तहत तो नहीं किया जा रहा था। 

मवेशियों के परिवहन को लेकर उठे सवाल

घटना के बाद बोलेरो में मवेशियों को ले जाने के तरीके को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे पैसेंजर वाहन में मवेशियों को ले जाना पशुओं की सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से वाहन में मवेशियों के परिवहन से संबंधित कागजात और नियमों की जांच करने तथा अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

इधर, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। साथ ही वाहन में मवेशियों को ले जाने की परिस्थितियों और इससे संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।