जल संचय को स्कूल परिसर में बनाया शॉकपिट
जागरण का सहेज लो एक बूंद कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक अंचल नारायणपुर के उत्क्रमित उच्च विद्यालय मुरलीपहाड़ी में जल सैनिकों ने शॉकपिट गड्ढा तैयार किया।
संवाद सहयोगी, मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा) : जागरण का सहेज लो एक बूंद कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक अंचल नारायणपुर के उत्क्रमित उच्च विद्यालय मुरलीपहाड़ी में जल सैनिकों ने शॉकपिट गड्ढा तैयार किया। प्रधानाध्यापक मो. रिजवान के नेतृत्व में जागरण जलसेना के सैनिकों ने घंटों मेहनत कर जल सहेजने के लिए शॉकपिट तैयार किया। इस बाबत प्रधानाध्यापक ने जल सैनिकों से कहा कि सरकार व जागरण के जल शक्ति अभियान से क्षेत्र के जल स्तर में वृद्धि होगी। बरसात का जल व पानी का फिजूल बहाव रुकने से निश्चित रूप से आने वाले समय में जल संकट जैसी विकट समस्या दूर होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सभी एक सैनिक की तरह जल को बचाने के लिए, उसकी बर्बादी को रोकने के लिए समाज में जागरूकता फैलाने का काम करें। अपने-अपने परिवार, अपने आस-पड़ोस के लोगों को पानी के महत्व को समझाने का काम करें। यदि गांव में कहीं भी आपको फिजूल पानी का बहाव दिख रहा है तो उसे शॉकपिट बनाकर रोके। कच्चा गड्ढा खोदकर रोके। बोरा बांध बनवाएं। पानी रोकने के जिन संसाधनों का उपयोग आप सभी कर सकते हैं उसे अवश्य करें। उन्होंने जागरण के इस अभियान की प्रशंसा की। जल सैनिकों को हमेशा सक्रिय रहने का सुझाव दिया। मौके पर जल सैनिक अमित कुमार, जयंत कुमार, समीर अंसारी, दिवाकर मंडल, नंद किशोर सिंह आदि उपस्थित थे।