इरफान को भरोसा कांग्रेस को मिलेगी गोड्डा सीट
जामताड़ा गोड्डा संसदीय सीट पर कांग्रेस की दावेदारी पक्की कराने को स्थानीय विधायक डॉक्ट
जामताड़ा : गोड्डा संसदीय सीट पर कांग्रेस की दावेदारी पक्की कराने को स्थानीय विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी लगातार दिल्ली में डटे हुए हैं। वहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मिल कर अपनी बातों को रख रहे हैं। उन्होंने शीर्ष नेताओं के सामने अपनी बातें रखी। विधायक अंसारी ने यहां दूरभाष पर बताया कि अल्पसंख्यक वर्ग को हताश और निराश होने की जरूरत नहीं है। सभी कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर भरोसा रखें। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा अल्पसंख्यकों का साथ दिया है और आगे भी साथ देगी। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक वर्ग की इतनी बड़ी आबादी रहने के बावजूद अगर पार्टी इन्हें दरकिनार करेगी तो निश्चित तौर पर इसका परिणाम कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों को भुगतना पड़ेगा। विधायक ने कहा कि उन्होंने सारी स्थितियों से शीर्ष नेताओं को अवगत करा दिया है।
विधायक ने क्षेत्रीय पार्टियों के नेताओं से भी कहा कि अल्पसंख्यक केवल वोट देने के लिए नहीं हैं। सभी को इनका सम्मान करना चाहिए। जिस पार्टी में जिसकी जितनी हिस्सेदारी है उसको उतनी ही भागीदारी मिलनी चाहिए। अगर एक भी अल्पसंख्यक को टिकट नहीं दिया गया, तो पूरे झारखंड में गलत संदेश जाएगा। क्योंकि भाजपा वाले भी यह कभी नहीं चाहेंगे कि किसी अल्पसंख्यक को टिकट मिले और वह चुनाव लड़े। यह बातें महागठबंधन के सभी नेताओं को समझनी चाहिए और उचित निर्णय लेना चाहिए। कहा कि सिर्फ चुनाव लड़ना उनका मकसद नहीं है, बल्कि चुनाव लड़कर भाजपा को हराना ही मकसद होना चाहिए। सनद रहे कि वे विधायक गोड्डा संसदीय सीट महागठबंधन में कांग्रेस के खाते में फुरकान अंसारी या फिर खुद के नाम से लेने पर अड़े हैं, जबकि वह सीट झाविमो के खाते में दी गई है। विधायक अंसारी के मुताबिक वे पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, कांग्रेस की महिला अध्यक्षा गुंजन सिंह, पूर्व अध्यक्ष आशिक अंसारी, रवींद्र सिंह, प्रतीक सिन्हा, संजय लाल पासवान आदि से मिले।