लॉकडाउन में गरीबों को नहीं सताएगी भूख
जामताड़ा जिले में मास्क व सैनिटाइजर की किल्लत अब शीघ्र दूर होनेवाली है। इस दिशा में उपायुक्त गणेश कुमार ने पहल कर जेएसएलपीएस सखी मंडल दीदियों को मास्क एवं सैनिटाइजर बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। सखी मंडल समूह के जरिए ही जिला प्रशासन आमजनों को मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराएगा। वहीं कोरोना वायरस के फैलाव की परिस्थिति में गरीब व मजदूर वर्ग के लोगों को भोजन पर आफत न पड़े इसके लिए जिले में और ग्यारह स्थानों पर सरकारी दाल-भात केंद्र खुलेगा।
जामताड़ा : जिले में मास्क व सैनिटाइजर की किल्लत अब शीघ्र दूर होनेवाली है। इस दिशा में उपायुक्त गणेश कुमार ने पहल कर जेएसएलपीएस सखी मंडल दीदियों को मास्क एवं सैनिटाइजर बनाने की जिम्मेदारी सौंपी है। सखी मंडल समूह के जरिए ही जिला प्रशासन आमजनों को मास्क व सैनिटाइजर उपलब्ध कराएगा। वहीं कोरोना वायरस के फैलाव की परिस्थिति में गरीब व मजदूर वर्ग के लोगों को भोजन पर आफत न पड़े, इसके लिए जिले में और ग्यारह स्थानों पर सरकारी दाल-भात केंद्र खुलेगा। उपायुक्त के निर्देश पर इसका प्रस्ताव राज्य मुख्यालय को भेजा गया है।
उपायुक्त कुमार ने बताया कि जिले में संक्रमण से बचाव में मास्क व सैनिटाइजर की कमी शीघ्र ही दूर हो जाएगी। इसके लिए पहल शुरू कर दी गई है। स्वयं सखी मंडल समूह की महिलाएं कोरोना के संभावित खतरों से लड़ने के लिए मास्क व सैनिटाइजर बनाएंगी। इस प्रशासनिक कदम से जिले में मास्क व सैनिटाइजर की कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सकेगी। इसके अलावा लोगों को एक जगह पर ही मास्क, सैनिटाइजर भी उपलब्ध हो सकेगा। सैनिटाइजर में डब्ल्यूएचओ के सभी मानकों का ध्यान रखा गया है।
उपायुक्त ने बताया कि आपदा प्रबंधन से प्राप्त आवंटन से उन्हें वित्त पोषित किया जाएगा ताकि सस्ते दर पर आम लोगों के लिए स्थानीय स्तर पर मास्क सैनिटाइजर सखी मंडल की सदस्य बना सकें। इससे सखी मंडल के दीदियों में आर्थिक समृद्धि आएगी।
---पांच रुपये में नौ स्थानों पर मिल रहा दाल-भात : कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव को ध्यान में रखते हुए गरीबों को सरकारी दर पर भोजन उपलब्ध कराने को जिले में अभी नौ मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र चल रहा है। यहां पांच रुपए में भोजन परोसा जा रहा है। अब राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री दाल-भात योजना के तहत अन्य दुकान खोलने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने बताया कि 11 स्थलों का प्रस्ताव राज्यसरकार को अनुमोदन के लिए भेजा गया है।
-- सदर अस्पताल के समक्ष शीघ्र खुलेगा दाल-भात केंद्र : उपायुक्त ने बताया कि दाल-भात केंद्र गरीबों के लिए वरदान साबित हो रहा है। खाना परोसने व खाने के दौरान सामाजिक दूरी का भी अनुपालन किया जा रहा है। केंद्रों पर साफ-सफाई की व्यवस्था का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। सदर हॉस्पिटल के सामने जल्द ही मुख्यमंत्री दाल-भात केंद्र खोला जाएगा।