18 को जामताड़ा आएंगे गृहमंत्री, सभा स्थल की निगरानी शुरू
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय गृहमंत्री अमित साह व सीएम रघुवर दास के 18 सितंबर को जामताड़ा आगमन की तैयारी में जिला प्रशासन जुट गया है।
जागरण संवाददाता, जामताड़ा : भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष सह केंद्रीय गृहमंत्री अमित साह व सीएम रघुवर दास के 18 सितंबर को जामताड़ा आगमन की तैयारी में जिला प्रशासन जुट गया है। बेना स्थित काली मंदिर मैदान में सभा के बाद जोहार जन आशीर्वाद यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। सभा स्थल पर पंडाल बनाने का काम रांची से पहुंचे कारीगरों ने शुरू कर दिया है। जिला प्रशासन ने सभा स्थल पर सुरक्षा अबढ़ा दी है।
सभा स्थल का जायजा लेने के लिए रविवार को एनडीसी विजय केरकेटा, डीआरडीए निदेशक रामवृक्ष महतो, जामताड़ा की बीडीओ अमृता प्रियंका एक्का यहां पहुंची। फिर भाजपाइयों दो टोलियों में शामिल जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष सांतन मिश्रा, बालेश्वर मंडल फिर जिला महामंत्री सोमनाथ सिंह ने सहयोगियों के साथ कार्य को देखा। भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने अस्थायी हेलीपैड का निर्माण शुरू करवा दिया है। गृहमंत्री व सीएम हेलीकाप्टर से स्थल मैदान पहुंचेंगे।
वाटर प्रूफ पंडाल होगा: वाटर प्रूफ पंडाल निर्माण की जिम्मेवारी रांची के कंपनी को दी गई है। स्टेज समेत पूरा पंडाल वाटर प्रूफ बनेगा। पंडाल में बांस का उपयोग नहीं होगा। लोहे के पाइप व एंगल लगाया जायेगा। अब तक 15 ट्रक निर्माण सामग्री रांची से मैदान पहुंच चुका है। शेष निर्माण सामग्री शीघ्र ही मैदान पहुंच जाएगा।
-----------
कार्यक्रम की सफलता को भूमि पूजन :
गृहमंत्री की सभा को सफल बनाने के लिए रविवार को भाजपाई ने बेना मैदान में भूमि पूजन किया। ईश्वर से कार्यक्रम के सफल आयोजन होने का आशीर्वाद प्राप्त किया। पंडित आचार्य गौरीशंकर पांडेय के मंत्रोच्चारण पर जिला अध्यक्ष सुकमुनी हेम्ब्रम, पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा समेत अन्य मुख्य यजमान की भूमिका में थे। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर समेत केंद्र व जिला कमेटी के सदस्य मौजूद थे।
------------
उज्ज्वला दीदियों ने भी कसी कमर
जिला बीस सूत्री समिति ने सभा में गांवों से लोगों को जुटाने के लिए उज्ज्वला दीदी का सहयोग लिया है। इनसे मीटिग कर हर गांव से लाभुकों को उनके परिजनों के साथ सभा स्थल लाने की व्यवस्थ्ज्ञा बनाई जा रही है। जिले में 118 पंचायतों में रघुवर सरकार के निर्देश पर उज्ज्वला दीदी का चयन जिला बीस सूत्री कमेटी की देखरेख में हो चुकी है। नारायणपुर में जिला उपाध्यक्ष संतन मिश्रा से लगभग 25 पंचायतों की उज्ज्वला दीदी की मीटिग की। सभी को लाभुकों के साथ सभा में पहुंचने का टास्क दिया। मिश्रा ने गृहमंत्री व सीएम के आगमन से जुड़े उद्देश्य पर्चा भी सबों को हस्तगत किया। गृहमंत्री पहली बार जामताड़ा आ रहे हैं। सरकार की विकास मूलक नीतियों को समझने के लिए खुद के साथ ग्रामीणों के साथ पहुंचे। भाजपा के महामंत्री सोमनाथ सिंह ने कहा कि जिला भाजपा सभा को सफल बनाने में जुटी है। गांवों से ग्रामीणों को लाने के लिए वाहन की व्यवस्था की जा रही है। सभा में पूरे संतालपरगना से डेढ़ लाख लोग जुटेंगे।