बीमारी से बचने के लिए सावधानी जरूरी
नारायणपुर प्रखंड के नव प्राथमिक विद्यालय खरटी मुस्लिम टोला नयाडीह परिसर में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर की ओर से स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया।
जामताड़ा : नारायणपुर प्रखंड के नव प्राथमिक विद्यालय खरटी मुस्लिम टोला नयाडीह परिसर में शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर की ओर से स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान आयुष चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार बड़ाइक ने अपने सहयोगियों के साथ 110 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। स्वास्थ्य में गड़बड़ी मिले लोगों को आवश्यक दवा भी दी गई। गंभीर बीमारी से ग्रसित लोगों को बेहतर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर रेफर किया गया। कई लोगों का खून, ब्लड प्रेशर, शुगर आदि की भी जांच की गई।
आयुष चिकित्सक डॉ. दिलीप कुमार ने कहा कि अपने शरीर को बीमारी से बचाने के लिए सावधान रहने की आवश्यकता है। यदि खान-पान पर विशेष ध्यान रखा जाय तो मनुष्य की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। कई छोटे-छोटे बीमारी दूर से ही भाग जाते हैं। स्वच्छ रहने से मनुष्य कई बीमारियों से बच सकता है। आप सभी अपने शरीर के सफाई पर विशेष ध्यान दें। स्नान नियमित करें, सूर्योदय के पूर्व ब्रह्म मुहूर्त में जग कर व्यायाम का अभ्यास करें। सूर्योदय के पूर्व यदि प्रतिदिन व्यायाम करेंगे तो शरीर की ताजगी बनी रहेगी। शरीर प्रतिदिन नई स्फूर्ति के साथ कार्य करेगा। मौके पर स्वास्थ्यकर्मी शर्मिला कुमारी, अरुण कुमार यादव, अंजना कुमारी, रिकू कुमारी, मोहम्मद कलीमउद्दीन, सुकुमार मंडल, सुधीर मरांडी आदि उपस्थित थे।