लंबी आयु के लिए स्वस्थ हृदय जरूरी
विश्व हृदय दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में स्वास्थ्य जागरूकता और जांच शिविर आयोजित किया गया।
संवाद सहयोगी, मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा) : विश्व हृदय दिवस के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर में स्वास्थ्य जागरूकता और जांच शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरविद कुमार दास ने कहा कि दिल की धड़कन ही आपको जीवन का एहसास दिलाती है। यदि इसकी समुचित देखभाल करते हैं तो निश्चित रूप से लंबी आयु मिलूेगी। स्वस्थ हृदय से स्वास्थ्य जीवन व लंबी आयु मिलती है।
कहा कि जिन व्यक्तियों को हृदय से जुड़ी किसी प्रकार की बीमारी हो गई है तो उन्हें इसके नियंत्रण के लिए नियमित व्यायाम व ध्यान करना चाहिए। व्यायाम के साथ-साथ योग पद्धति का सहारा लेंगे तो गंभीर बीमारी भी नियंत्रित हारे सकती है।
अनियमित व अनियंत्रित खान-पान से बचें : कहा कि अनियमित व अनियंत्रित खानपान यदि हृदय रोगी करता है तो वह काफी घातक है। हृदय रोगी को वसा युक्त भोजन, जंक फूड का सेवन, धूम्रपान, तंबाकू व शराब का सेवन कतई नहीं करना चाहिए। यदि इन चीजों की आदत किन्हीं को लग जाती है तो हृदय रोगी को दवा भी ठीक नहीं कर सकता है। संतुलित पौष्टिक आहार के साथ समुचित आराम भी करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि समाज में अभी ऐसे कई लोग है जो नियमित सूर्योदय के पूर्व ब्रह्म मुहूर्त में उठकर शरीर को स्वस्थ रखने की दृष्टि से ठंडी हवा में विचरण करते हैं। घंट दो घंटे तक व्यायाम करते हैं। शारीरिक परिश्रम की वजह से कई लोगों का शरीर सब दिन मजबूत बना रहता है। मेहनत से शरीर में व्याप्त छिद्रों से जो पसीना निकलता है उसे बीमारी का कारण भी निकलता है।
रक्तचाप की नियमित जांच करें : शिविर के दौरान बताया गया कि नियमित रक्तचाप का माप अवश्य किया करें। स्वास्थ्य केंद्र में रक्तचाप मापी यंत्र के माध्यम से निशुल्क जांच होती है। किसी भी समय में आप अस्पताल पहुंचकर इसकी सेवा ले सकते हैं। कई लोगों की स्वास्थ्य की जांच की गई। मौके पर डॉ. दिलीप कुमार बराई, सूर्यकांत सुधाकर, रंजीत मंडल, कौशलेंद्र कुमार, जीएनएम सावित्री मरांडी, एएनएम सुशीला मुर्मू, कुमुद, नंदनी, नीलम, अश्व्नी प्रसाद, धर्मेंद्र शर्मा आदि थे।