अबकी बार गांव की सरकार : आजसू
बिदापाथर (जामताड़ा) आजसू गांव की पार्टी है मां और माटी हमारा स्वाभिमान है। गांव की जनता कभी अपने स्वाभिमान को ठेस पहुंचने नहीं देगी।। इस बार की विधानसभा चुनाव में गांव के सभी लोग मिलकर गांव की सरकार बनाएं।
बिदापाथर (जामताड़ा) : आजसू गांव की पार्टी है, मां और माटी हमारा स्वाभिमान है। गांव की जनता कभी अपने स्वाभिमान को ठेस पहुंचने नहीं देगी।। इस बार की विधानसभा चुनाव में गांव के सभी लोग मिलकर गांव की सरकार बनाएं। उक्त बातें सूबे के पेयजल व स्वच्छता मंत्री रामचंद्र सहिस ने नाला प्रखंड के महुलबोना खेल मैदान में आयोजित आजसू की चुनावी सभा में कही। सभा में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो किसी कारण वश नहीं पहुंचे। मंत्री रामचंद्र ने मोर्चा संभाला। कहा कि अबकी बार गांव की सरकार। सुदेश महतो के हाथ को मजबूत करने के लिए आप सभी को संकल्प लेने का समय आ गया है। इस चुनावी दौर में बाहर से बड़े-बड़े नेता नाला आकर बड़े-बड़े वादे कर रहे हैं। जबकि नाला की समस्या का समाधान करनेवाले एक मात्र योग्य उम्मीदवार माधव चंद्र महतो ही हैं। आजसू के पक्ष में मतदान कर सुदेश महतो के हाथ को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि गांव की सरकार में जो भी विकास का काम होगा गांव की चौपाल में बैठकर गांव के लोग निर्णय लेंगे। कहा कि नाला विधानसभा विकास के मामले में काफी पिछड़ा हुआ है। नाला के सर्वागीण विकास सुदेश महतो के नेतृत्व में ही संभव है। प्रत्याशी माधव चंद्र महतो ने कहा कि नाला विधानसभा में भाजपा व झामुमो के लोग सिर्फ लूटने का काम किया है। मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष राजेश महतो, सुनीता दास, अजय मंडल, सुनील कुमार सिंह, प्रिया सिंह दत्त, अक्षयानंद पाठक, कृष्टो प्रसाद सिंह, चंद्रशेखर यादव, मुंशी हेंब्रम, खिरोद सिंह, राजेश यादव, जगदीश मंडल, दीपक महतो आदि उपस्थित थे।