साइबर अपराध को अंजाम देते चार आरोपित गिरफ्तार
चारों आरापितों को फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों से साइबर अपराध करते हुए महदइया से गिरफ्तार किया गया।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। साइबर अपराध में संलिप्त होकर लोगों से ठगी करने वाले चार आरोपितों को गिरफ्तार करने में बेंगाबाद थाना की पुलिस कामयाब हुई है। गिरफ्तार अारोपितों में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महदईया गांव निवासी छोटू मंडल, रितेश कुमार मंडल व राजेन्द्र मंडल तथा फूरसोडीह निवासी रिंकू मंडल शामिल है। सभी को बेंगाबाद थाना क्षेत्र के ही महदइया से मंगलवार की देर शाम गिरफ्तार किया गया है। सभी सुनसान स्थान पर बैठकर साइबर अपराध को अंजाम दे रहे थे। इसकी जानकारी पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतबाहन उरांव ने बुधवार की शाम को दी है।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराध में संलिप्त चारों आरोपितों के बारे में पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते उनके निर्देश पर बेंगाबाद थाना प्रभारी मो. फैज रब्बानी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया जिसमें साइबर थाना प्रभारी शंकर प्रसाद झा, साइबर सेल के तकनीकी सहायक के अलावे बेंगाबाद थाना के एएसआई धर्मेन्द्र कुमार, उमेश प्रसाद, एके पांडेय शामिल थे। टीम में शामिल पदाधिकारियों ने छापामारी अभियान चलाया जिसमें चारों आरापितों को फर्जी बैंक अधिकारी बनकर लोगों से साइबर अपराध करते हुए महदइया से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार चारों अारापितों ने पूछताछ के क्रम में साइबर अपराध के माध्यम से ठगी करने की बात स्वीकार की। आरोपितों ने साइबर अपराध के माध्यम से लगभग 16 लाख रूपये की ठगी करने की भी जानकारी पुलिस को दी है। सभी के विरूद्ध बेंगाबाद थाना में विभिन्न धाराओं के अलावे आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्रेसवार्ता में साइबर थाना प्रभारी शंकर प्रसाद झा, बेंगाबाद थाना प्रभारी मो. फैज रब्बानी व अन्य मौजूद थे।