पीएम की उपलब्धि बताएं, सीएम की विफलता
नारायणपुर (जामताड़ा) मंगलवार को नारायणपुर में भाजपा के मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोि
नारायणपुर (जामताड़ा) : मंगलवार को नारायणपुर में भाजपा के मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश प्रतिनिधि वीरेंद्र मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल में लोगों को जो स्वास्थ्य सुविधाएं दी और जांच-उपचार और दवा का जो बेहतर प्रबंधन किया वह काबिले तारीफ है। लोगों की समस्या को समझते हुए अग्रिम चावल वितरण केंद्र सरकार ने करवाया। अन्य कोई प्रधानमंत्री ऐसा नहीं कर सकता था। कोरोना जैसी विपत्ति में देश को सुरक्षित रखा। नपं के पूर्व अध्यक्ष मंडल ने आरोप लगाया कि झारखंड में महागठबंधन की सरकार वादे पूरा करने में विफल रही है। राज्य सरकार जनविरोधी विकास विरोधी सरकार है। ट्रांसफर पोस्टिग धंधा बन गया है। निष्पक्ष अधिकारी हटाए जा रहे हैं। सभी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धि को जन-जन तक पहुंचाएंगे और राज्य सरकार की विफलता बताएंगे। यही आह्वान कार्यकर्ताओं से किया गया।
पूर्व मंत्री सत्यानंद झा ने कहा कि कहा कि जाति-धर्म पर कांग्रेस की राजनीति टिकी है। भाजपा सभी धर्मो को साथ लेकर चलती है। सबका साथ सबका विकास भाजपा और प्रधानमंत्री का नारा है। बांटो लूटो और राज करो कांग्रेस की नीति रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय महागठबंधन ने वादा किया था कि सत्ता में आने पर पारा शिक्षक को स्थाई करेंगे, पीएम आवास तीन लाख रुपये का होगा, बिजली बिल माफ होगी और बीए पास को पांच हजार तथा एमए पास को सात हजार रुपये छात्रवृत्ति देंगे। सभी वादे खोखला साबित हुए हैं। राज्य सरकार की विफलता को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया। मौके पर जिला अध्यक्ष सोमनाथ सिंह, जिला महासचिव सुमित शरण, नारायण पोद्दार, एसटी मोर्चा अध्यक्ष चेतन मरांडी, सुशील पोद्दार, आनंद पोद्दार, संजय ओझा, सुकदेव भंडारी, संजय मंडल, जावेद अंसारी, मुकेश पांडेय, मो. सफाउद्दीन आदि उपस्थित थे।