साइबर अपराध में जेल गए सलीम व रियाज की संपत्ति की जांच शुरू
साइबर अपराध के जुर्म में जेल घुसे सलीम अंसारी व रियाज अंसारी के अकूत संपत्ति की जांच पुलिस इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद ने प्रारंभ कर दी है।
संवाद सहयोगी, मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा): साइबर अपराध के जुर्म में जेल घुसे सलीम अंसारी व रियाज अंसारी के अकूत संपत्ति की जांच पुलिस इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद ने प्रारंभ कर दी है। पुलिस इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद ने जामताड़ा साइबर थाना में दर्ज कांड के प्राथमिकी अभियुक्त हलीम व रियाज के पैतृक घर नारायणपुर थाना क्षेत्र के मुंगियामारनी गांव जाकर इस मामले का सत्यापन किया। स्थानीय थाना पुलिस अधिकारी के साथ पहुंचे पुलिस इंस्पेक्टर ने दोनों से संपत्ति की जानकारी प्राप्त की। इन दोनों नामजदों से जुड़े परिवार की राजनीति पृष्ठभूमि भी है।
पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया कि हलीम व रियाज साइबर अपराध के माध्यम से काफी अवैध संपत्ति अर्जित की है। दोनों ने इस अवैध कमाई से जमीन से लेकर विभिन्न प्रकार के वाहन खरीदने का काम किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों की संपत्ति की जांच प्रवर्तन निदेशालय करेगा। ये आय से अधिक संपत्ति का मामला है।
उन्होंने बताया कि हलीम अंसारी ने गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के प्रकाश गुप्ता नामक व्यक्ति से इसी वर्ष 84,000 रुपये की ठगी की थी। हलीम ने शाखा प्रबंधक बनकर प्रकाश गुप्ता को गुमराह कर उनके एटीएम का पिन नंबर लेकर इनके खाते से राशि उड़ाने का कार्य किया था। गिरिडीह की पुलिस भी जांच करने के लिए हलीम के अड्डे पर पहुंची थी। इस घटना के बाद जब मामले की छानबीन प्रारंभ हुई थी तो कई संगीन मामले इनके विरुद्ध साइबर पुलिस के समक्ष उजागर हुए। उसके बाद दोनों को अभियुक्त बनाया गया था। इसी कांड के मामले में 21 जुलाई को दोनों जेल भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस साइबर अपराध को खतम करने में जुटी है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में एक-एक कर सभी अपराधियों की संपत्ति जब्त की जाएगी। इसके पूर्व भी नारायणपुर थाना क्षेत्र के मिर्गा के प्रदीप मंडल सहित अन्य अपराधियों के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने कार्रवाई भी की है। अब नए मामले प्रवर्तन निदेशालय को भेजे जाएंगे उस पर भी कार्रवाई प्रारंभ होगी। इस दौरान सब इंस्पेक्टर जयप्रकाश एक्का सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।