मिहिजाम में कचरा निष्पादन स्थल के विरोध पर लगा विराम
मिहिजाम (जामताड़ा) नगर पर्षद क्षेत्र के राजबाड़ी में कचरा निष्पादन का मामला सुलझ गया। नगर क
मिहिजाम (जामताड़ा) : नगर पर्षद क्षेत्र के राजबाड़ी में कचरा निष्पादन का मामला सुलझ गया। नगर के कचरा प्रस्तावित स्थल पर निष्पादन करने का रास्ता साफ होने से नगर पर्षद के जनप्रतिनिधियों ने राहत की सांस ली है। नगर में जहां-तहां ढेर लगा कचरा अब जल्द साफ होगा। लगभग 25 दिनों से राजबाड़ी के कुछ लोग प्रस्तावित कचरा स्थल पर कचरा फेकने का विरोध कर रहे थे। जिला प्रशासन व नगर पर्षद के हस्तक्षेप से विरोध का पटाक्षेप हो गया। मंगलवार को सोलिड बेस्ट मैनेजमेंट योजना के तहत प्रस्तावित कचरा निष्पादन स्थल पर भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर कचरा संग्रहस्थल पर कचरे के ढेर को जेसीबी मशीन से एकत्रित करने का कार्य शुरू किया गया।
नगर पर्षद अध्यक्ष कमल गुप्ता व उपाध्यक्ष शांति देवी ने कहा कि कोविड-19 से बचाव को नगर की साफ-सफाई चल रही थी। परन्तु कुछ लोग कचरा निष्पादन वाले स्थान राजबाड़ी में विरोध कर कचरा निष्पादन को रोक लगा दी थी। बताया कि काफी दिनों से कचरा उठाव बंद होने से नगर में कचरा जमा हो गया। नगर पर्षद ने विरोध कर रहे लोगों से वार्ता कर और राजबाड़ी के लोगों को इस महत्वाकांक्षी योजना से होनेवाले लाभ के बारे में समझाया। राजबाड़ी के लोगों ने इस बात को स्वीकारा। ---कचरा को एकत्र कर गड्ढा में डंप किया जाएगा : अध्यक्ष गुप्ता ने बताया कि कचरा फेंकनेवाले स्थान पर बिखरे कचरे को जेसीबी से एकत्रित कर एक गड्ढे में डंप करने का कार्य आरम्भ कर दिया गया है। कचरा निष्पादन स्थल पर ब्लीचिग डाला जाएगा। चारों ओर लाइट लगाने पर विचार किया गया है। कचरा डंप बाले स्थान पर दो गार्ड की व्यवस्था की जाएगी ताकि कोई अन्य लोग मृत मवेशी आदि ना फेंक पाए। बताया कि आनेवाला दिनों में कचरा संग्रह क्षेत्र में फूल व फल के पौधे सहित मार्निग वाक करनेवाले के लिए बेंच भी लगाने की योजना है। बताया कि कचरा निष्पादन स्थल पर हो रहे विवाद को सुलझाने को लेकर वार्ड पार्षद विष्णु देव मुर्मू, झिमली मजूमदार, मनीषा महतो, साधन महतो, महावीर राय, रमेश कुमार रजक सहित अन्य लोगों की भी भूमिका अहम रही थी।