Jharkhand: जामताड़ा में टायर ब्लास्ट होने से 50 फीट गहरी खाई में गिरी बोलेरो, महिला की मौत; बेटा-बहू जख्मी
Road Accident हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। लेकिन जान बचाने के बजाय लोगों ने पीड़ितों से लूटपाट शुरू कर दिया। दुर्घटना का शिकार हुए लोगों से भीड़ जबरन मोबाइल और पर्स छीनने में जुटी थी।
संवाद सहयोगी, जामताड़ा: गोविंदपुर-साहिबगंज हाईवे पर एक तेजरफ्तार बोलेरो का टायर ब्लास्ट हो गया। गाड़ी असंतुलित होकर 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी और उसके परखच्चे उड़ गए। हादसे में बोलेरे सवार परिवार की बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, महिला की बहू और बेटे घायल हुए हैं।
IRB जवान का परिवार हुआ हादसे का शिकार
हादसा शुक्रवार शाम करीब साढ़े 6 बजे हुआ। मरने वाली महिला 60 वर्षीय अंजू सिन्हा थीं। हादसे में उनके बेटे आईआरबी जवान नवीन मालतो है और बहू निभा मालतो घायल हुए हैं। इनके साथ बैठी निभा की भतीजी आरुषि इस हादसे में बाल-बाल बच गई और उसे हल्की चोट आई है।
फोटोः घायल महिला
जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचे नवीन ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ धनबाद के सिंदरी में अपने एक रिश्तेदार के घर से लौट रहा था। उसे वापस गोड्डा के खेरी-बाड़ी में अपने पैतृक घर लौटना था। इसी दौरान सुपाईडीह के पास उसकी गाड़ी का टायर ब्लास्ट हो गया और वह कुछ समझ पाता उससे पहले उसकी गाड़ी खाई में जा गिरी।
इस हादसे में मौके पर ही उनकी मां अंजू की मौत हो गई। सड़क हादसे में निभा मालतो के सर पर भी गंभीर चोट आई है। जबकि बोलेरो चला रहे नवीन व उसकी भतीजी आरुषि को सामान्य चोट आई है।
पर्स और मोबाइल लूट ले गए ग्रामीण
नवीन ने बताया कि हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे हो गए। लेकिन उनकी जान बचाने और उन्हें गाड़ी से निकालने की बजाय उन लोगों ने उनसे लूटपाट शुरू कर दी। बेशर्मी की हद यह कि जहां पूरा परिवार घायल अवस्था में बुजुर्ग को मरता-तड़पता देख रहा था, वहीं मौके पर मौजूद लोग उनका जबरन मोबाइल और पर्स छीनने में जुटे थे।
फोटोः घटनास्थल पर जुटे लोग
घटना की सूचना पाकर जामताड़ा टाउन थाना प्रभारी अब्दुल रहमान दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मृतका के शव के साथ जख्मी परिवार को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी ने पीड़ित के परिवार को घटना की सूचना दी।