विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झारखंड में बांग्ला भाषा को लेकर सियासत तेज, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने हेमंत सरकार पर लगाया बड़ा आरोप

Published: Fri, 14 Aug 2026 09:01 AM (IST)

झारखंड में भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने हेमंत सरकार पर बांग्ला भाषा को दबाने का आरोप लगाया है।

समर्थकों के साथ भाजपा नेता माधव चंद्र महतो। (फोटो जागरण)

समर्थकों के साथ भाजपा नेता माधव चंद्र महतो। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. भाजपा ने हेमंत सरकार पर बांग्ला भाषा दबाने का आरोप लगाया।

  2. विद्यालयों से बांग्ला शिक्षा, पुस्तकें, शिक्षक पद समाप्त किए जा रहे।

  3. भाजपा नेता ने बांग्ला भाषियों से एकजुट होकर लड़ने का आह्वान किया।

संवाद सहयोगी, कुंडहित (जामताड़ा)। झारखंड में 42 प्रतिशत बांग्ला भाषी लोगों को हेमंत सरकार दबाने का प्रयास कर रही है।

वर्तमान सरकार विद्यालयों और महाविद्यालयों में बांग्ला भाषा की शिक्षा, पुस्तकें तथा शिक्षक पद को विलुप्त करने का प्रयास कर रही है। इसका भाजपा विरोध करेगी। ये बातें कुंडहित में भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने एक प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।

उन्होंने झारखंड सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि बिहार राज्य के समय से सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों में बांग्ला की पाठ्यपुस्तकें, शिक्षक तथा सभी विषयों की किताबें उपलब्ध थीं और पढ़ाई-लिखाई होती थी। लेकिन वर्तमान सरकार बांग्ला शिक्षा को समाप्त करने का प्रयास कर रही है।

राज्य बनने के बाद बांग्ला भाषा को कुचलने का हो रहा प्रयास 

उन्होंने कहा कि संयुक्त बिहार राज्य के समय प्राथमिक स्तर से उच्च शिक्षा तक बांग्ला को विशेष महत्व दिया जाता था। जैसे ही झारखंड राज्य का निर्माण हुआ, बांग्ला भाषा को कुचलने का प्रयास किया गया। एक साजिश के तहत बांग्ला भाषा एवं संस्कृति को समाप्त किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को बांग्ला शिक्षा कड़वी लगने लगी है। आज स्थिति ऐसी है कि प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक बांग्ला भाषा की शिक्षा प्रणाली पूरी तरह बंद कर दी गई है। वहीं, विद्यालयों में बांग्ला भाषा के शिक्षकों की बहाली और बांग्ला भाषा की पाठ्यपुस्तकों की व्यवस्था पूरी तरह बंद की जा रही है।

जबकि विद्यालयों में परीक्षा के दौरान बांग्ला विषय के प्रश्नपत्र बच्चों को उपलब्ध कराए जाते हैं। ऐसे में बिना बांग्ला भाषा की पढ़ाई किए विद्यार्थी कैसे परीक्षा उत्तीर्ण कर सकते हैं?

हेमंत सोरेन पर बंगाली विरोधी का आरोप

उन्होंने बांग्ला भाषा को जागृत रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि बंगाली विरोधी हेमंत सोरेन से डटकर मुकाबला करने की आवश्यकता पड़ गई है। उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र में आने वाले समय में बांग्ला भाषा को लेकर कई प्रकार के कार्यक्रम करने जा रहे हैं।

मौके पर कुंडहित मंडल अध्यक्ष वरुण मंडल, बागडेहरी मंडल अध्यक्ष सुभद्रा बाउरी, प्रखंड उपाध्यक्ष जीवन मंडल, गया प्रसाद मंडल, विश्वजीत सिंह, अजय रविदास, प्रभात मन्ना, निखिल माजी, रत्नाकर माजी, जगाबंधु घोष, रंजीत रवानी, देवी प्रसाद बनर्जी सहित काफी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित थे।