सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत
जामताड़ा मुख्य मार्ग पर मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव के समीप सड़क हादसे में दरभंगा के अनिल यादव की मौत हो गई।
जामताड़ा : मिहिजाम-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर मिहिजाम थाना क्षेत्र के बेवा गांव के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से जख्मी हुआ है।
मिहिजाम की ओर से आ रहे ट्रक ने अपने आगे जा रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे अनिल यादव (30) की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहा संटू मंडल (26) बुरी तरह से जख्मी हो गया। अनिल यादव बिहार के दरभंगा जिला का रहने वाला है। वहीं घायल युवक संटू मंडल (26) बिहार के अरडिहा का रहने वाला है। दोनो युवक मिहिजाम से जामताड़ा जा रहे थे।
स्थानीय लोगों की सूचना पर मिहिजाम पुलिस ने शव को कब्जे में लिया व जख्मी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद संटू मंडल को धनबाद रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि ये दोनों युवक जामताड़ा में बन रहे ओवरब्रिज निर्माण कार्य में मजदूर का काम करते थे। मिहिजाम पुलिस ने ओवरब्रिज निर्माण कंपनी के प्रतिनिधि व मृतक के परिजन को सूचित कर दिया है। समाचार लिखे जाने तक परिजन सदर अस्पताल नहीं पहुंचा है। शव सदर अस्पताल में पुलिस की देखरेख में रखा गया।