बाइक के साथ ग्रामीणों ने चोर को पकड़ा
संवाद सहयोगी जामताड़ा सोमवार शाम को जामताड़ा-चितरा मार्ग में ग्रामीणों ने अशोक मुर्मू का
संवाद सहयोगी, जामताड़ा : सोमवार शाम को जामताड़ा-चितरा मार्ग में ग्रामीणों ने अशोक मुर्मू को चोरी की बाइक के साथ दबोचा। चोरी गई बाइक मालिक आनंद राय की निशानदेही पर चोर को पकड़ा गया। जबकि मुर्मू का कहना है कि वह दूसरे के पास से बाइक खरीद कर ले जा रहा था। ग्रामीणों ने उसके साथ धक्का-मुक्की भी की। बाद में नगर थाना की पुलिस को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी संजय कुमार कथित बाइक चोर से पूछताछ कर रहें है। मुर्मू ने चोरी की बाइक किसी से खरीदी या वह झूठ बोल रहा है, इसका सत्यापन पुलिस कर रही है। बताया गया कि सोमवार शाम जामताड़ा-चितरा मार्ग में टीकाडीह के समीप मेजिया निवासी अशोक मुर्मू अपने एक दोस्त के साथ चोरी की बाइक लेकर वहां मड़िया पीने की तैयारी कर रहा था। इसी बीच चोरी गई बाइक का मालिक आनंद राय अपनी पुरानी बाइक की मरम्मत करवाकर लौट रहा था। अपनी चोरी की बाइक देख उक्त दोनों युवकों से पूछताछ की। मौका देख एक युवक भागने में सफल रहा। अशोक मुर्मू भागने ही वाला था कि राय ने मोबाइल ग्रामीणों को बुला लिया। फिर बाइक के साथ मुर्मू को पकड़ लिया गया।
इधर अशोक मुर्मू ने बताया कि उसने सोमवार सुबह अपने गांव स्थित एसबीआइ मेजिया बैंक शाखा से 25000 रुपए निकासी कर ससुराल वालों के कहने पर जामताड़ा थाना क्षेत्र के ताराबहाल के एक व्यक्ति से बाइक खरीदी। सनद रहे कि रविवार को न्यू पांडेडीह स्थित आनंद राय के मकान के बाहर से उनकी बाइक चोरी हुई थी। राय अपने घर के बाहर बाइक खड़ी कर घर के अंदर गए थे।